डकोर सीएचसी में अब निशुल्क होगी टीबी की जांच
डकोर क्षेत्र के टीबी मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब संदिग्ध क्षय रोगियों को जिला अस्पताल उरई नहीं जाना पड़ेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डकोर में आधुनिक ट्रूनॉट मशीन लगाई गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर बलगम की जांच संभव होगी। इस मशीन से सामान्य और एमडीआर टीबी की जांच आसानी से की जा सकेगी।
कुसमिलिया, संवाददाता। डकोर क्षेत्र के टीबी मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब संदिग्ध क्षय रोगियों को बलगम की जांच और टीबी की पुष्टि के लिए जिला अस्पताल उरई की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डकोर में आधुनिक ट्रूनॉट मशीन स्थापित कर दी है। जिससे अब स्थानीय स्तर पर ही सटीक जांच संभव हो सकेगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ इदरीश मोहम्मद ने मशीन का शुभारंभ करते हुए बताया कि इस मशीन के लगने से न केवल सामान्य टीबी, बल्कि एमडीआर टीबी की जांच भी आसानी से हो सकेगी। उन्होंने कहा अक्सर मरीजों को जांच के लिए उरई जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था।
अब डकोर सीएचसी में ही निशुल्क बलगम परीक्षण कर टीबी की पुष्टि की जाएगी। रिपोर्ट भी जल्द प्राप्त होगी, जिससे इलाज तुरंत शुरू किया जा सकेगा। मशीन की स्थापना और संचालन के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ और तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने मशीन की कार्यप्रणाली को समझा और बताया कि यह तकनीक टीबी उन्मूलन अभियान में मील का पत्थर साबित होगी। स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन के अनुसार, गुरुवार से ही संदिग्ध रोगियों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डॉ. इदरीश ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दो हफ्ते से अधिक समय से खांसी, बुखार या वजन घटने जैसी समस्या है, तो वे तत्काल केंद्र आकर अपनी नि:शुल्क जांच कराएं। इस मौके संजय अग्रवाल उरई, संजय प्रजापति जालौन, राजीव उपाध्याय उरई आदि स्टॉफ मौजूद रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


