
आज पोलिंग बूथों पर पढ़कर सुनाई जाएगी मतदाता सूची
Orai News - उरई में 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची का वाचन करेंगे। मृत, स्थानांतरण, अनुपस्थिति आदि के कारण हटाए गए नाम भी पढ़े जाएंगे। फॉर्म-6, 8 और 7 भी स्वीकार किए जाएंगे।
उरई। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आज विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। जिले की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से चार बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा आलेख्य मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा, जिससे मतदाता अपने नाम की स्वयं पुष्टि कर सकें। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि वाचन के दौरान उन मतदाताओं के नाम भी पढ़कर सुनाए जाएंगे, जिनके नाम मृत्यु, स्थानांतरण, अनुपस्थिति, दोहरी प्रविष्टि अथवा गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर कर बीएलओ को वापस न देने के कारण आलेख्य मतदाता सूची से हट गए हैं।
विशेष अभियान दिवस पर पात्र नागरिकों से फॉर्म-6, फॉर्म-8 एवं फॉर्म-7 भी प्राप्त किए जाएंगे। अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तरीय अधिकारी एवं सेक्टर अधिकारी मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर आयोजन का पर्यवेक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरना अनिवार्य है। आवेदन पत्र में आवेदक का नाम व पता शुद्ध वर्तनी में, नवीनतम स्पष्ट फोटो तथा वर्तमान मोबाइल नंबर अंकित किया जाना आवश्यक होगा। आयु प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, हाईस्कूल इंटरमीडिएट प्रमाण पत्र, भारतीय पासपोर्ट अथवा जन्म तिथि से संबंधित अन्य वैध अभिलेख प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




