
खेत सूखे तो शुरू हुई कटाई, झड़ रहे आधे धान
Orai News - उरई में हाल ही में हुई तेज बारिश से किसानों की फसलें, खासकर धान, बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। लगभग आधा धान खेतों में झड़ गया है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। सरकार से सहायता की उम्मीद में किसान मजदूरों की मदद से कटाई कर रहे हैं, लेकिन लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
उरई। हाल ही में हुई तेज बारिश के कारण फसलों में हुए नुकसान का असर दिखाई देने लगा है। जिन किसानों ने खेतों में धान की कटाई शुरू कराई है उसमें से लगभग आधे धान खेत में ही झड़ रहे हैं। इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है और सरकार से मिलने वाली सहायता का इंतजार है। जनपद में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण फसलों में काफी नुकसान पहुंचा है जिसका सर्वे जारी है। जिन किसानों की खेतों में धान, बाजरा की फसल तैयार खड़ी थी वह बारिश के साथ हवा चलने से पूरी तरह खेतों में ही बिछ गई है।
हालत यह है कि उनमें अब हार्वेस्टर भी नहीं चल पा रहे ऐसे में किसानों को फसलों को मजदूरों से कटाई करानी पड़ रही है। इसमें किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिन खेतों में धान की फसल बच गई है वहां पर किसानों द्वारा मजदूरों की सहायता से कटाई कराई जा रही है इसमें भी काफी नुकसान हो रहा है लगभग आधी धान की फसल खेतों में ही नष्ट हो गई है और कटाई के दौरान भी बड़े पैमाने पर धान खेत में झड़ रहे हैं। ऐसे में किसानों की लागत निकालना भी मुश्किल दिखाई दे रहा है। किसान पवन कुमार दुबे, मुंशी प्रेमचंद, रामकेश का कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान धान की फसलों में हुआ है। खेतों में फसले बिछी पड़ी है ऐसे में मजदूरों की सहायता से कटाई कराई जा रही है उसमें भी लागत निकालना मुश्किल तक दिखाई दे रहा है। तिल की फसल न हो पाने के कारण किसानों ने धान की ओर रुख किया था लेकिन इसमें भी नुकसान हो गया। ऐसे में शासन प्रशासन अति शीघ्र किसानों को क्षतिपूर्ति का पैसा दिलाए जिससे उनको राहत मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




