
घाट संचालकों ने फसलों पर चलाया बुलडोजर, किसान आक्रोशित
Orai News - कालपी। कोतवाली क्षेत्र में घाट संचालकों ने यमुना पट्टी स्थित हीरापुर गांव के किसानों
कालपी। कोतवाली क्षेत्र में घाट संचालकों ने यमुना पट्टी स्थित हीरापुर गांव के किसानों की फसलो पर बुलडोजर चला दिया। इससे किसानों की खेतो में खड़ी लाही की फसल नष्ट हो गई। पीड़ित किसानो ने मामले की शिकायत प्रशासन से की है। बालू घाट संचालकों की दबंगई का कोई यह पहला मामला नहीं है बल्कि फसलों के बीच से ओवरलोड ट्रक निकालने के अलावा किसानों के खेतो से बलपूर्वक खनन करना यह सब अर्से से चलता आ रहा है। हालांकि अभी तक ऐसे किस्से बेतवा पट्टी से आते थे लेकिन अब बालू माफियाओं ने बेतवा में बालू की मात्रा कम पाए जाने पर यमुना पट्टी का रूख किया है।

इसके तहत इस वर्ष सिमरा शेखपुर के साथ हीरापुर में खनन विभाग द्वारा खनन पट्टे आवण्टित किए गये हैं। हीरापुर में दो बालू खण्डो की नीलामी हुई है जिसमे 15 हेक्टेयर रवि पंजवानी तथा 15 हैक्टेयर वैभव गुप्ता को पट्टे मिले हुए हैं। जहां पर खनन शुरू करने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हीरापुर गांव नगर से अधिक दूरी पर बालू माफियाओं ने उनके खेतों से होकर रास्ता बनाना शुरू किया है। ताकि ट्रको को यमुना पट्टी से हीरापुर और देवकली गांव को पारकर व्यास मन्दिर के पास से कर्बला के बाद चौरासी गुम्बद के पास हाईवे पर निकलना है। हीरापुर के किसानों ने अपने खेतों से रास्ता बनाने से इनकार कर दिया था, लेकिन बालू माफियाओं ने खेतों में खड़ी फसलो से रास्ता बनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उन्होने पोकलैन्ड मशीनों से खेतों में रास्ता बनाना शुरू कर दिया जिससे एक दर्जन के करीब किसानों के खेत में खड़ी लाही की फसल नष्ट हो गई है। किसान रनवीर, कुवंरलाल, मनोज, श्यामू , छेदालाल सहित एक दर्जन किसानों ने शनिवार को एसडीएम तथा सीओ को पत्र सौपकर कार्यवाही करने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




