इंदिरा स्टेडियम में 15 दिन में मैदान समतल कर लगवाएं घास

इंदिरा स्टेडियम में 15 दिन में मैदान समतल कर लगवाएं घास

संक्षेप:

Orai News - उरई में इंदिरा स्टेडियम के खेल मैदान का कायाकल्प शुरू हो गया है। गड्ढामुक्त और समतल मैदान के साथ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने 15 दिन में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। इस सुधार से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधा मिलेगी और जलभराव की समस्या समाप्त होगी।

Dec 10, 2025 10:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

उरई। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद इंदिरा स्टेडियम के खेल मैदान का कायाकल्प शुरू हो गया है। मैदान को गड्ढामुक्त और समतल बनाने के साथ ऐसी आधुनिक व्यवस्था की जा रही है कि अब बारिश में भी मैदान पर पानी एकत्र नहीं होगा। डीएम ने निरीक्षण कर 15 दिन में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। स्टेडियम मैदान में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है, इससे जलभराव की समस्या समाप्त होगी और वर्षा का पानी संरक्षित रहेगा। इंदिरा स्टेडियम का मैदान गड्ढों और जलभराव की समस्या से जूझ रहा था। बारिश में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, इससे खिलाड़ियों का अभ्यास बाधित हो जाता था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्वयं मैदान का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 दिन के अंदर मैदान को समतल कर घास लगाई जाए तथा 31 दिसंबर तक कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा 11 लाख 70 हजार रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। इसी धनराशि से मैदान समतलीकरण, गड्ढे भरने, घास की परत बिछाने और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना का कार्य किया जा रहा है। विभाग को धन जारी कर दिया गया है और कार्य तेजी से प्रगति पर है। मैदान के पुनरुद्धार की जानकारी मिलते ही जनपद के खिलाड़ियों में उत्साह की लहर है। उनका कहना है कि अब उरई में भी उच्चस्तरीय ग्राउंड उपलब्ध होगा, जहां वे बिना रुकावट नियमित अभ्यास कर सकेंगे। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। इंदिरा स्टेडियम के बदलते स्वरूप से खिलाड़ियों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। उम्मीद है कि नया और आधुनिक मैदान जल्द ही जनपद की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देगा और प्रदेश स्तर पर भी जनपद का नाम रोशन करेगा।