Orai News: गजब की धांधली, छह माह में ही उखड़ने के साथ धंसी रेलवे कालोनी की रोड की सड़क
Orai News: उरई में रेलवे कालोनी रोड का करीब डेढ़ सौ मीटर सड़क निर्माण छह माह बाद खराब हो गया है। ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी के कारण कई जगह सड़क उखड़ चुकी है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण की जांच और सुधार की मांग की है। रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की जांच करने का आश्वासन दिया है।

Orai News: उरई। संवाददाता छह माह पहले रेल कालोनी रोड पर कराए गए करीब डेढ़ सौ मीटर सड़क निर्माण की परतें अब खुलने लगी है। ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से कराए गए निर्माण कार्य की वजह से हालत यह है कि रोड कई जगह से उखड़ गई है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खडे़ होने लगे हैं। दबी जुबान लोगों की मानें तो सड़क निर्माण के वक्त मानकों को दरकिनार किया गया। इसके पहले भी रोड की साइडें उखड़ चुकी हैं। कालोनी के आसपास रहने वाले कर्मियों व आने जाने वाले लोगों ने सड़क निर्माण की जांच कराए जाने की मांग उठाई है।लंबे
समय से खराब पडे़ रेलवे कालोनी संपर्क मार्ग का छह माह पहले रेलवे द्वारा निर्माण कराया गया। रेलवे सब स्टेशन से लेकर करीब 150 मीटर संपर्क मार्ग में लाखों रुपये खर्च हो गया। यात्रियों व रेल कर्मियों ने सोचा था कि निर्माण होने से अब सालों रोड चलेगा, पर नौबत यह रही कि छह माह में ही सड़क निर्माण गुणवत्ता की हकीकत सामने आ गई। रेल अस्पताल व एडीएसटीई आफिस की दूरी के बीच एक नहीं, बल्कि दो से तीन जगह रोड न सिर्फ धंसा हैं, बल्कि कई जगह से उखड़ गया है। इससे आने जाने वाले रेल कर्मियों केसाथ यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। रात के वक्त दुपहिया सवारों को खतरा बना रहता है। इस बारे में जब आईओडब्लू से जानकारी ली गई तो उन्होंने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि उनके समय का काम नहीं है। जनसंपर्क अधिकारी, रेलवे झांसी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अगर कहीं पर सड़क खराब हो गई है तो उसका पता किया जाएगा। संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराकर सड़क का निर्माण नए सिरे से कराया जाएगा।


