जिला कारागार में हार्ट अटैक से कैदी की मौत
Orai News - उरई में जहरखुरानी के मामले में सात साल की सजा काट रहे कैदी की जेल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज में उसे मृत घोषित किया गया। परिजनों ने अचानक हुई मौत पर संदेह जताया है, लेकिन पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। मामले की जांच जारी है।
उरई। जहरखुरानी के मामले में सात साल की सजा काट रहे कैदी की हार्ट अटैक से जिला कारागार में मौत हो गई। गंभीर हालत में जेल स्टाफ से मेडिकल कॉलेज उरई ले गया था जहां उसे मृत बताया गया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। परिजनों ने अचानक हुई मौत पर आशंका तो जाहिर की है पर पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। उरई के मोहल्ला उमरारखेड़ा निवासी 58 वर्षीय मेवालाल को 15 साल पहले परिवार की ही सुषमा देवी ने पति अखिलेश कुमार की जहर खाकर मौत हो जाने पर मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप था कि मेवालाल ने कुछ साथियों के साथ मिलकर उसके पति को जहर दिया है। इस मुकदमें में 30 अगस्त 2024 को मेवालाल को फास्ट ट्रैक कोर्ट से सात साल की सजा सुनाई थी जबकि अन्य साथियों को निर्दोष करार दिया था जिसके चलते मेवालाल उरई जेल में अपनी सज़ा काट रहा था और रविवार की रात को हार्ट अटैक आने पर सिपाही उसे जिला अस्पताल ले गए जहां से मेडिकल कालेज रेफर किया वहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुत्र सुमित कुमार व पत्नी लक्ष्मी देवी को बुलाकर शव सुपुर्द करते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुत्र ने बताया कि पिता एकदम स्वस्थ थे और दो दिन पहले ही उनकी मुलाकात हुई थी। जेल अधीक्षक नीरज देव ने कहा कि हार्ट अटैक से बंदी की मौत हुई है जिसकी जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




