
दस दिन बाद भी चोरों का पता नहीं लगा पाई पुलिस
Orai News - जालौन। लगभग 10 दिन पूर्व सूने घर का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 35
जालौन। 10 दिन पूर्व सूने घर का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 35 लाख रुपये के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। इसके अलावा चोरी की अन्य घटनाओं का भी अभी तक खुलसा नहीं हो सका है। हालांकि चोरी के खुलासे के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं। फिर भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया भवानीराम निवासी संजीव कुमार 11 दिसंबर को अपने साले के शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा गए थे। घर पर उनके ससुराल पक्ष के लोग सास, ससुर, साला, सलहज, दादी सास भी आए थे।
सभी लोग कुछ जेवर पहनकर और बाकी जेवर घर में ही अलमारी में सुरक्षित रखकर शादी में शामिल होने के लिए गए थे। उसी रात किसी समय चोरों ने सूने घर के सामने के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घर में दाखिल हो गए। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के करीब 246 ग्राम के लगभग दो किग्रा चांदी के जेवर समेत 40000 रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी से पूर्व चोरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की केबल व वाई फाई की वायर भी काट दी थी। सात दिसंबर को मोहल्ला जोशियाना में भागवत कथा सुनने गई सोमवती गुप्ता की लगभग तीन लाख रुपये कीमत की जंजीर अज्ञात चोरों ने उनके गले से चोरी कर ली थी। वहीं, 13 दिसंबर को चोरों ने मोहल्ला घुआताल में रहने वाले रामकुमार तरसौलिया के सूने घर को निशाना बनाया था। चोर छत का जाल खींचकर घर में दाखिल हो गए और चोरों ने घर की तलाशी ले डाली। गृहस्वामी रामकुमार तरसौलिया का परिवार इंदौर में रहता है, इसलिए घर में कोई कीमती सामान नहीं था। जिससे चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा था। इन सभी घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं। कुछ संदिग्धों से भी पूछतांछ की जा रही है। शीघ्र ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




