सर्दी का सितम: जिला अस्पताल की टूटी खिड़कियों से सर्द हवाओं से कांप रहे मरीज
Orai News - उरई के जिला अस्पताल में सर्दी बढ़ने से मरीजों और तीमारदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। टूटी खिड़कियों के कारण ठंडी हवाएं वार्ड में प्रवेश कर रही हैं, जिससे रात में 8 से 10 डिग्री तापमान में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से स्थिति और बिगड़ रही है।

उरई। दिनों दिन बढ़ रही सर्दी सितम ढा रही है। रात में चल रही सर्द बर्फीली हवाओं से जिला अस्पताल में टूटी खिड़कियों के नीचे लेटे मरीज और तीमारदार पूरी पूरी रात सर्दी से कंपकंपा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से रात में 8 से 10 डिग्री तापमान के बीच वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कोहरे की दस्तक के साथ सर्द बर्फीली हवाएं चलने से सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गलन भरी सर्दी बढ़ने से लोगों की मुसीबत एक बार फिर बढ़ गई हैं। सबसे ज्यादा परेशानी जिला अस्पताल में वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को सर्दी में उठानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल के ऑर्थो वार्ड में तमाम खिड़कियों के शीशे टूटे पड़े हैं। ऐसे में खुली खिड़कियों से रात में जब तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस होता है तब बर्फीली हवाएं चीरते हुए मरीज और तीमारदारों के लिए काफी घातक साबित हो रही हैं। हालात यह है कि कोई मरीज टूटी खिड़की में अखबार से हवाओं को रोकने की कोशिश कर रहा है तो वहीं ज्यादातर खिड़कियां शीशे ना होने से इससे पूरी रात ठंडी हवाएं कड़ाके की सर्दी में ठिठुरते हुए मरीज और तीमारदारों की मुसीबतें बढ़ा रही हैं। जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से वार्ड में भर्ती मरीजों और तीमारदारों को सर्दी में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ------ जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों ने दर्द किया बयां उरई। जिला अस्पताल के ऑर्थो वार्ड में टूटी खिड़की के नीचे लेटे मरीज कल्लू 38 वर्ष पुत्र वंशन ने बताया कि पिछले सोमवार को पैर का ऑपरेशन हुआ था तब से यहां भर्ती है और खिड़की का शीशा टूटा होने से परेशानी हो रही है। वहीं मरीज बृजेश कुमार 48 वर्ष पुत्र नारायण दास निवासी रामनगर ने बताया 15 दिसंबर से पैर टूटने के बाद भर्ती है टूटी खिड़की मुसीबत बढ़ा रही है। इसी तरह वार्ड में भर्ती मरीज रंजीत 28 वर्ष पुत्र शिवप्रसाद निवासी उद्योगपुरा, बिरगुवा बुजुर्ग के अरविंद, बिहारी ने बताया कि ऑपरेशन के बाद भर्ती है और यहां रात में टूटी खिड़कियों से आने वाली सर्द हवा ने दिक्कतें बढ़ा दी हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


