तीतरा खलीलपुर में सर्दी से दो गोवंशों की मौत, वीडियो वायरल
Orai News - कोंच तहसील के तीतरा खलीलपुर की गोशाला में शीतलहर के दौरान दो गोवंशों की मौत हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला में सर्दी से बचाव के उचित उपाय नहीं किए गए थे। वायरल वीडियो ने प्रशासन की लापरवाही को उजागर किया। ग्रामीणों ने जांच की मांग की है, जबकि ग्राम प्रधान ने सब कुछ सही बताया।

कोंच। कोंच तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तीतरा खलीलपुर की गोशाला में गुरुवार सुबह बड़ी लापरवाही सामने आई है। इस लापरवाही का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। शीतलहर और कड़ाके की सर्दी के बावजूद गोशाला में गोवंशों को सर्दी से बचाने के के समुचित इंतजाम न होने पर दो गोवंशों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला में न तो पर्याप्त पुआल, न ही तिरपाल या अन्य ठंड से बचाव के साधन उपलब्ध कराए गए। सर्दी के कारण गोवंश खुले में ठिठुरते रहे और इसी लापरवाही का खामियाजा उन्हें अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर साझा किया है और ग्राम प्रधान सहित जिम्मेदार लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं ग्राम प्रधान लिली का कहना हैं ऐसी कोई बात नही जो गोवंश बीमार है उनको कल ही डॉक्टर देवेंद्र निरंजन देखकर गए है। साथ ही उन्होंने कहा आस पास के गांव में बनी गोशालाओं से अच्छी तीतरा की गोशाला है। शासन प्रशासन द्वारा गौशालाओं के संचालन और गोवंश संरक्षण के लिए करोड़ों रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। इसके बावजूद तीतरा खलीलपुर की गोशाला से सामने आई तस्वीरें और वीडियो प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ ठोस और सख्त कार्रवाई की जाए। ------- वायरल वीडियो तीतरा खलीलपुर गौशाला का नहीं है। मौके पर जाकर देखा गया वहां गोवंश बीमार थे जिनका इलाज कराया गया है -गजेन्द्र सिंह,बीडीओ नदीगांव
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


