
डॉक्टर करते रहे रेफर, मेडिकल कॉलेज के पोर्च में महिला ने जन्मा बच्चा
Orai News - उरई में जिला महिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज जालौन की लापरवाही के कारण एक प्रसूता को अस्पताल के पोर्च में ही प्रसव करना पड़ा। प्रसव के लिए महिला को समय पर उपचार नहीं मिला, जिससे उसे झांसी रेफर किया गया। प्रसव के दौरान परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाए गए।
उरई, संवाददाता। जिला महिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज जालौन की लापरवाही का खामियाजा प्रसूता को भुगतना पड़ा। प्रसव के लिए दोनों जगह से प्रसूता को लापरवाही कर रेफर किया गया था। मेडिकल कॉलेज के लेबर रूम के पोर्च में ही प्रसूता का अनदेखी से प्रसव हो गया। इससे मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया और जच्चा बच्चा की हालत ठीक ना होने पर परिजन उन्हें झांसी ले गए। उरई के झांसी रोड स्थित ग्राम पिरौना निवासी शांति 36 वर्ष पत्नी बंटू पाल प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार की दोपहर 12:30 बजे जिला महिला अस्पताल गई थी। यहां गर्भवती की सभी जांच कराई गई।
लेकिन उसी दिन महिला डॉक्टर अंशिका जायसवाल के इस्तीफा देने से प्रसव के काम बाधित रहे थे। ऐसे में दोपहर बाद 3:00 बजे गर्भवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन के लिए रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज जालौन में गर्भवती शांति को भर्ती करने के बाद कई प्रकार की जांच की गई थी। वहीं अंतिम समय में महिला को प्रसव में गंभीर समस्या बताते हुए मेडिकल कॉलेज जालौन से झांसी रेफर कर दिया गया। गर्भवती के परिजन उसे लेकर शाम 4:00 बजे जैसे ही मेडिकल कॉलेज से निकले तो पोर्च में ही प्रसूता ने नवजात को जन्म दे दिया। प्रसूता का मेडिकल कॉलेज में प्रसव होने के बाद वहां स्टाफ में हड़कंप मच गया। प्रसूता के परिवार वालों के चिल्लाने पर आनन-फानन में भाग कर आईं स्टाफ नर्सों ने बच्चे का नारा काटकर मां से अलग किया। परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं को कोसते हुए जच्चा बच्चा को लेकर झांसी चले गए। इनसेट बोले मेडिकल कॉलेज के जिम्मेदार उरई। प्रसव के लिए आई महिला शांति पाल का एंबुलेंस में ही प्रसव हो चुका था। महिला की हालत को देखते हुए तीमारदारों के निवेदन पर उसे झांसी रेफर किया गया था। प्रसव के बाद महिला को छठवां बच्चा हुआ था। डॉ अरविंद त्रिवेदी, प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन - मेडिकल में प्रसूता का प्रसव होने से स्टाफ में मचा हड़कंप - मेडिकल कॉलेज से झांसी रेफर करने के बाद परिसर में हुआ प्रसव

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




