ब्लैक स्पॉट करें चिन्हित, सड़कों के किनारों से हटाएं झाड़ियां
Orai News - उरई में सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया। विधायक गौरीशंकर वर्मा ने सड़क सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया और जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया।

उरई। सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया। सांसद ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने, सिक्स लेन सड़क का प्रस्ताव प्रस्तुत करने, बिना नम्बर प्लेट वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों, एनजीओ एवं समाजसेवियों के माध्यम से होर्डिंग लगाकर राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही ब्लैक स्पॉट का चिन्हीकरण करने, प्रवर्तन कार्यवाही तेज करने तथा कदौरा से जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मार्ग किनारे झाड़-झंखाड़ की साफ-सफाई पर विशेष बल दिया।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आम नागरिक अगर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने पूर्व में आयोजित बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, कदौरा-जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया साथ ही नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनके निदान एवं वहां कैमरे स्थापित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कालपी-जखौली-एट-आटा मार्ग, जिला अस्पताल क्षेत्र में रैम्प सहित फुट ओवर ब्रिज निर्माण, ओवर स्पीड, बिना नम्बर प्लेट एवं ओवरलोड वाहनों पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी दुर्गेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, एसडीएम नेहा ब्याडवाल, सीओ अर्चना सिंह, एआरटीओ राजेश कुमार, एक्सईएन सुनील कुमार, महेन्द्र सिंह, अमित सक्सेना, मनोज कुमार, नोडल अधिकारी हायर सेकेण्डरी एजुकेशन राजेश चन्द्र पाण्डेय, सचिव ओडीए परमानन्द यादव उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



