Hindi NewsUttar-pradesh NewsOrai NewsMissing Youth Found Motorcycle in Canal Search Underway
बाइक नाले में मिली, दो दिन से लापता युवक की तलाश जारी

बाइक नाले में मिली, दो दिन से लापता युवक की तलाश जारी

संक्षेप:

Orai News - कालपी के ग्राम पिपरी अठगइया से लापता 35 वर्षीय वीर सिंह की मोटरसाइकिल मलंगा नाले में मिली। युवक की तलाश जारी है और परिजनों ने एसडीआरएफ टीम बुलाने की मांग की है। वीर सिंह गुरुवार को मजदूरी के लिए निकला था और देर रात तक घर नहीं लौटा।

Dec 20, 2025 03:35 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उरई
share Share
Follow Us on

कालपी (उरई)। सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरी अठगइया से गुरुवार से लापता चल रहे युवक की मोटरसाइकिल बाबई रोड पर मलंगा नाले में हथना गांव के रपटा पुल के नीचे शनिवार को मिल गई। युवक का हेलमेट भी पास में ही पड़ा ला। फिलहाल युवक की तलाश की जा रही है। परिजनों ने जिला प्रशासन से एसडीआरएफ टीम बुलाए जाने की मांग की है। युवक के मलंगा नाले में डूबने की आशंका जताई जा रही है। ग्राम पिपरी अठगइया निवासी 35 वर्षीय वीर सिंह बाल्मिक मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। गुरुवार की दोपहर वह अपनी बाइक से हेलमेट लेकर आसपास किसी इलाके में मजदूरी करने गया था।

देर रात तक जब नहीं लौटा तो पत्नी रानी देवी और पिता भंवर सिंह परेशान हुए और आसपास इलाके में खोजबीन की। वीर सिंह का जब कहीं पता नहीं चला तो अगले दिन शुक्रवार को थाने जाकर गुमशुदगी की तहरीर दी। शनिवार की सुबह गांव के पास बाबई रोड पर मलंगा नाले में हथना गांव के रपटा पुल से लोगों ने एक बाइक डूबी देखी। सूचना पर थाना प्रभारी परमेंद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे । बाइक मिलने से आसपास के इलाके की भारी भीड़ जमा हो गई। वीर सिंह के भी नदी में डूबे होने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने जब खोजबीन की तो थोड़ी दूरी पर युवक का हेलमेट भी बरामद हो गया। हालांकि कोई गोताखोर और अन्य ग्रामीण अधिक पानी और मगरमच्छ होने की जानकारी पर भय के कारण नहीं उतरा। उधर नाले में खोजबीन के लिए परिजनों ने उच्च अधिकारियों से एसडीआरएफ टीम मंगवाने की गुहार लगाई है। मामले में एसडीएम जालौन हेमंत पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। युवक की खोजबीन की जा रही है। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है।