Orai News: पिता ने चोरी का आरोप लगाया, बेटी ने वीडियो वायरल कर प्रेम प्रसंग बताया
Orai News: कालपी के एक गांव में चोरी की घटना में नया मोड़ आया है जब पीड़ित परिवार की बेटी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया। इस वीडियो में उसने अपने प्रेम प्रसंग का जिक्र किया और आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसके प्रेमी को फंसाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

Orai News: कालपी। संवाददाता कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीती 26 अगस्त की रात घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गांव के ही एक युवक को माल समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़ित परिवार की बेटी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर दिया। हालांकि हिंदुस्तान ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।वीडियो में युवती ने दावा किया कि उसका गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग है। जनवरी में उसके पिता ने उसके पास मोबाइल पकड़ लिया था तो मारपीट की थी।
इसके बाद उसने खुद ही जेवरात अपने प्रेमी के घर रख दिए थे। युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने प्रेमी को फंसाने के लिए उस पर रुपये लेकर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कराया और खुद ही उसके घर जाकर उसे पकड़वाया। अब पिता उसकी और उसके प्रेमी की हत्या कराना चाहते हैं। युवती के वीडियो वायरल होने के बाद मामले में प्रेम प्रसंग की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।


