पांच दिन बाद भी वन विभाग नहीं खोज पाया तेंदुआ
Orai News - कोंच में तेंदुआ गाँवों में दहशत फैला रहा है। पांच दिनों से वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में नाकाम है, जिससे किसानों का काम रुका हुआ है और बच्चे घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ग्रामीण जानवरों को चराने और लकड़ी लाने में भी असमर्थ हैं।
कोंच। बीते दिनों रवा और आस पड़ोस के गांवों के खेतों में नजर आया तेंदुआ वन विभाग के लिए परेशानी का सबब बन गया है। वन विभाग टीम पांच दिन बाद भी तेंदुआ नहीं पकड़ पाई। खेतों में किसानों का आवागमन बंद हो गया है। हरी मटर तुड़ाई के काम पर ब्रेक लग गया है। वन विभाग टीम तेंदुआ पकड़ने में हलकान हो गई है। पांचवें दिन भी वन विभाग तेंदुआ पकड़ने में नाकाम नजर आ रहा है। लगातार पांच दिनों से वन विभाग भाग को चकरघिन्नी बनाये घूम रहा लापता तेंदुआ रविवार को कोंच ब्लाक के भेदपुरा ग्राम में ड्रोन कैमरे में दिखाई दिया उसके बाद फिर ओझल हो गया।
लापता तेंदुआ को लेकर इलाके में हड़कम्प मचा है । ग्रामीणों और किसानों में भय का माहौल है। खेतों में चल रहे हरी मटर तुड़ाई का काम भी अधर में लटका है। किसान खेतों पर जाने से डर रहे हैं। ---- तेंदुए के चक्कर में घरों से नहीं निकल पा रहे बच्चे कोंच। रवा और उसके आसपास के गांव में तेंदुए की चहल कदमी की वजह से आधा दर्जन गांवों के छोटे बच्चों को घरों से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है जिसे लेकर सभी लोग दहशत में है पर 5 दिन जीतने के बाद भी तेंदुए का कोई सुराग न लगने से सभी की बेचैनी बढ़ रही है। ---------- जानवरों को चराने नहीं जा पा रहे ग्रामीण कोंच। तेंदुए की दहशत के चक्कर में रवा और उसके आसपास के गांव के लोग अपने जानवरों को खेतों की तरफ चराने भी नहीं जा पा रहे हैं और ना ही जंगल से चारा या लकड़ी ला पा रहे हैं। जिस वजह से जानवरों के लिए चारे की अब कमी होने लगी है जबकि सर्दी के दिनों में अलाव की लकड़ी भी अब ग्रामीणों के पास खत्म हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




