
उरई में चोरी, छिनैती व टप्पेबाजी करने वाले गिरोह से मुठभेड़, चार बदमाशों के पैर में लगी गोली
Orai News - कोंच में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनसे तमंचे, ज़िंदा और खोखा कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद हुई। भागने के प्रयास में उनके दो साथी भी घायल हुए और पकड़े गए। सभी बदमाश अंतर्राज्यीय चोरी और छिनैती के सक्रिय सदस्य हैं।
- दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागे पर कुछ दूर मुठभेड़ में हुए गिरफ्तार - असलहों के साथ भारी मात्रा में ज़िंदा व खोखा कारतूस सहित सोने, चाँदी के आभूषण और नगदी बरामद कोंच। संवाददाता कोतवाली कोंच के दिरावटी भेड़ संपर्क मार्ग पर सोमवार रात अंतर्राज्यीय गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए जबकि दो साथी भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों से दो तमंचे,भारी मात्रा में ज़िंदा व खोखा कारतूस के साथ गहने, नगदी और एक बाइक बरामद हुई। जबकि दो पिट्ठू बैग में गहने साफ करने के उपकरण एवं केमिकल मिला।

जबकि, भागे हुए दोनों बदमाशों को भी पुलिस ने कुछ दूर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया और वह भी गोली लगने से घायल हुए। जिनको इलाज के लिए ले जाया गया। सोमवार रात एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार को सूचना मिली थी की कोंच में कुछ बदमाश वारदात की फिराक में है। उन्होंने एसओजी/सर्विलांस टीम के साथ पुलिस को क्षेत्र में चेकिंग के निर्देश दिए। रात 11 बजे जब पुलिस दिरावटी भेड़ संपर्क मार्ग पर थी तो दो बाइकों पर चार लोग नजर आए। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई कर फायरिंग की तो दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई और वह घायल हो गए। जबकि, दो बदमाश भाग निकले। गोली लगने से घायल बदमाशों ने नाम धर्मेन्द्र कुमार और मोतीलाल निवासी ग्राम बऊआरा थाना बखरी जनपद बेगूसराय, बिहार बताया जो अंतर्राज्यीय चोरी, छिनैती एवं टप्पेबाजी करने वाले बिहार राज्य के सक्रिय सदस्य निकले। इस दौरान उनके पास से दो तमंचे ,भारी मात्रा में ज़िंदा व खोखा कारतूस के साथ टप्पेबाजी / छिनैती से प्राप्त सोने व चाँदी के आभूषण, नगदी आदि सामान एवं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद हुई जबकि दो पिट्ठू बैग जिनमें जेवरात साफ करने का उपकरण एवं केमिकल भी बरामद किए गए। घायल दोनों बदमाशों को इलाज के लिए ले जाया गया। उधर मौके से भागे दोनों बदमाशों का पुलिस ने जब पीछा किया तो वह कोंच रोड पावर हाउस के पास लौना रोड पर पुलिस को मिल गए और उन्होंने भी पुलिस को देख फायरिंग शुरू कर दी जिसमें पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की तो मौके से सुनील शाह और रोशन कुमार निवासीगण ग्राम बऊआरा थाना बखरी जनपद बेगूसराय बिहार भी पकड़ लिए गए। जिनके पैरों में गोली लगी थी और इनको भी पुलिस ने पूछताछ के बाद इलाज के लिए भेज दिया। ------- चारों बदमाश चोरी, छिनैती व टप्पेबाजी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह से ताल्लुक रखते हैं और उनके आपराधिक इतिहास को खंगाल जा रहा है। - डॉ. दुर्गेश, पुलिस अधीक्षक

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




