बीम काटकर विद्युतीकरण कराने पर कार्यदाई संस्था के अफसरों को फटकार
Orai News - उरई में नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने 20.82 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मानकों की जांच की और कमियों पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि निर्माण कार्य स्वीकृत ड्राइंग के अनुसार ही होना चाहिए।
उरई। जिले में आए नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर में 20.82 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं मानकों का बारीकी से परीक्षण किया।कमियां मिलने पर कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण के समय नोडल अधिकारी ने निर्माण कार्यों में फिनिशिंग संतोषजनक न पाए जाने तथा बीम में विद्युत फिटिंग हेतु कटर से कट लगाए जाने पर कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बीम जैसे संरचनात्मक भागों में किसी भी प्रकार की कटाई नियमों के विरुद्ध है और इससे भवन की मजबूती प्रभावित हो सकती है।
इस गंभीर लापरवाही पर उन्होंने कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को कड़ी चेतावनी दी और निर्देश दिए कि निर्माण कार्य स्वीकृत ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुरूप ही कराए जाएं तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं होगी। इसके उपरांत उन्होंने निर्माणाधीन तहसील भवन का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को हर हाल में फरवरी माह तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि तहसील भवन के समयबद्ध निर्माण से आम जनमानस को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सुचारु रूप से प्राप्त हो सकेगा, इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर डीएम राजेश कुमार पाण्डेय, एसपी डॉ दुर्गेश कुमार, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




