कोंच तहसील में मानसिक युवक से मारपीट करने के आरोपी दो होमगार्ड निलंबित
कोंच तहसील के परिसर में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के साथ होमगार्ड जवानों ने मारपीट की। वीडियो वायरल होने के बाद, जिला कमांडेंट ने दोनों जवानों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू की। उन्होंने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है।

उरई, संवाददाता। कोंच तहसील परिसर में सोमवार को मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के साथ मारपीट व अभद्रता करने के मामले में होमगार्ड विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कमांडेंट होमगार्ड राजेश सिंह ने दोनों होमगार्ड जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीएम के संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई हुई और विभाग ने दोनों जवानों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।दरअसल 25 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में तहसील कोंच परिसर में तैनात दो होमगार्ड एक मानसिक अस्वस्थ युवक के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा। जिला कमांडेंट राजेश सिंह द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि प्रथम दृष्टया होमगार्ड रामकृष्ण व विजय सिंह पाल का आचरण अनुशासनहीनता व विभाग की छवि धूमिल करने वाला पाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला कमांडेंट ने स्पष्ट कहा अनुशासनहीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी होमगार्ड जवानों को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी हरकत पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जवानों को संवेदनशील परिस्थितियों में संयम और मानवीय व्यवहार बनाए रखना चाहिए। किसी भी व्यक्ति, विशेषकर मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने दोनों जवानों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद तहसील परिसर में तैनात अन्य कर्मचारियों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


