अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
Orai News - कालपी के बैरई गांव में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक राहुल ओमरे को टक्कर मार दी। युवक सीओ कार्यालय में खाना बनाने का काम करता था। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कालपी(उरई)। संवाददाता कोतवाली क्षेत्र की जोल्हुपुर मदारीपुर रोड के बैरई गांव के बाहर गुरुवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक कालपी सीओ ऑफिस में प्राइवेट तौर पर खाना बनाने का काम करता था और रात में वह सीओ कार्यालय से काम निपटाकर वापस अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और टक्कर मारकर भागे वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बैरई निवासी 30 वर्षीय राहुल ओमरे कालपी स्थित सीओ कार्यालय में प्राइवेट तौर पर खाना बनाने का काम करता था।
गुरुवार की रात को वह काम निपटाकर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में गांव के पास पहुंचते ही टक्कर मार दी। जिससे वह सिर के बल सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया। कुछ देर बाद वहां से निकले राहगीरों ने जब राहुल को घायल पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल को इलाज के लिए सीएचसी भेजा जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दी। राहुल के मौत की सूचना पर पत्नी मधु, दो बेटी व एक बेटे का रो रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मार कर भागे वाहन व ड्राइवर का पता लगाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



