अन्ना मवेशियों के आतंक से किसान बेहाल, मूंग की फसल चट कर रहे गोवंश

Newswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

Orai News - कुसमिलिया में अन्ना गोवंश का आतंक किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गर्मी में किसान अपनी फसलों की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन छुट्टा जानवर उनकी मेहनत को नष्ट कर रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही अन्ना मवेशियों को गौशालाओं में सुरक्षित किया जाए।

अन्ना मवेशियों के आतंक से किसान बेहाल, मूंग की फसल चट कर रहे गोवंश

​कुसमिलिया। विकास खंड डकोर के ग्रामीण इलाकों में अन्ना गोवंश का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच किसान जैसे-तैसे अपनी फसलों को सींच रहे हैं, लेकिन छुट्टा जानवरों के झुंड चंद मिनटों में उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। वर्तमान में खेतों में खड़ी मूंग और अन्य फसलें इन जानवरों का निवाला बन रही हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गई हैं। ​ क्षेत्र के कुसमिलिया , डकोर, मुहम्मदाबाद, मुहाना, ऐरी, रामपुरा सहित विभिन्न गांवों के लोगों के मुताबिक, दर्जनों की संख्या में घूमने वाले ये गोवंश रात के अंधेरे में खेतों में घुस जाते हैं।

किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर और कड़ी मेहनत से मूंग की बुवाई की थी, ताकि रबी और खरीफ के बीच के समय में कुछ आय हो सके। लेकिन अब स्थिति यह है कि फसल बचाने के लिए किसानों को चिलचिलाती धूप और रात के सन्नाटे में भी खेतों की मेड़ पर लाठी लेकर बैठना पड़ रहा है। ​ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा बनाई गई गौशालाएं या तो पूरी तरह भर चुकी हैं या वहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। इसके चलते आवारा मवेशी सड़कों और खेतों में स्वच्छंद विचरण कर रहे हैं। मूंग के अलावा सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुँच रहा है। रात के समय ये पशु सड़कों के बीचों-बीच बैठ जाते हैं, जिससे आए दिन दुपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। किसानों ने बताया कि रात-दिन एक करके मूंग की फसल तैयार की थी, लेकिन अन्ना गायों के झुंड ने आधी फसल बर्बाद कर दी है। अगर यही हाल रहा तो लागत निकलना भी मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन को जल्द ही इन्हें पकड़ने की व्यवस्था करनी चाहिए। किसानों ने जिला प्रशासन और खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि जल्द से जल्द अभियान चलाकर इन अन्ना मवेशियों को गौशालाओं में संरक्षित किया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी फसलों को इसी तरह नुकसान होता रहा, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।