स्मार्ट मीटर के विरोध में हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए बिजली घर का घेराव किया

Apr 06, 2026 05:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

Orai News - स्मार्ट मीटर के विरोध में हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए बिजली घर का घेराव किया

स्मार्ट मीटर के विरोध में हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए बिजली घर का घेराव किया

कुठौंद, संवाददाता। कुठौंद में किसानों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। किसानों ने बिजली घर का घेराव कर स्मार्ट मीटर को हटाने को हंगामा कर नारेबाजी कर विरोध जताया। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को समझाकर शांत कराया। जालौन के कुठौंद विकास खंड में सोमवार सुबह क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने एकजुट होकर बिजली घर उपखंड कुठौंद का घेराव कर दिया। किसानों का मुख्य मुद्दा घरों में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर था, जिसे लेकर उन्होंने कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि स्मार्ट मीटरों के कारण बिजली बिलों में अनियमितताएं बढ़ रही हैं और आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने उपखंड अधिकारी कुठौंद से मांग की कि तत्काल प्रभाव से इन मीटरों को हटाया जाए और पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जाए।घेराव और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे सक्रिय हो गए। उन्होंने तत्काल उप निरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी को मौके पर भेजा और स्वयं भी पुलिस बल के साथ बिजली घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सूझबूझ के साथ स्थिति को नियंत्रित किया और किसानों को शांत कर वार्ता के लिए तैयार किया। किसानों और प्रशासन के बीच हुई बातचीत में किसानों ने अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं। इस दौरान किसानों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। किसानों के अनुसार, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 24 घंटे का समय मांगा गया है, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि स्मार्ट मीटर हटाए जाएंगे या नहीं। वहीं प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। मौके पर ब्रजेश कुमार, प्रवीण शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, सर्वेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी ने व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। यह मामला अब प्रशासन के लिए एक चुनौती बनता नजर आ रहा है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।