लेखपाल को हटाने और मुआवजा जल्द मिलने की मांग कर किसानों ने लगाया जाम
Orai News - माधौगढ़ में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने के बाद किसानों ने लेखपाल मंगल कांत गोस्वामी पर गोलमाल का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। किसानों ने शीघ्र मुआवजा और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मुआवजा जल्द मिलेगा और लेखपाल को हटाया जाएगा, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

माधौगढ़, संवाददाता। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसल का सर्वे करने में लेखपाल मंगल कांत गोस्वामी पर गोलमाल करने का आरोप लगाते हुए जमरेही सानी, धमरेही के किसानों ने माधौगढ़-कुठौंद रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसानों ने लेखपाल पर कार्रवाई करने के साथ शीघ्र मुआवजा दिए जाने की मांग की। एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, गोहन एसओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने शीघ्र मुआवजा दिलाने और लेखपाल को हटाने का आश्वासन दिया तो इस पर जाम खुल गया।सोमवार दोपहर को लेखपाल मंगल कांत गोस्वामी की कार्य प्रणाली से नाराज जमरेही सानी व धमरेही के किसानों ने माधौगढ़-कुठौंद रोड पर जमरेही सानी के पास जाम लगा दिया।
किसानों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि लेखपाल मंगल कांत गोस्वामी कई वर्षों से जमे हैं। एक ही जगह बैठकर सिर्फ चहेतों के कार्य करतें है। रुपये देने वाले को ही मुआवजा मिलता है शिकायत करने की बात पर लड़ने को उतारू हो जाते हैं। रोड जाम की सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार सोनी, सीओ अंबुज सिंह, तहसीलदार गौरव कुमार, नायब तहसीलदार भुवनेन्द्र कुमार, गोहन एसओ सतीश कुशवाहा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। किसानों ने आरोप लगाया कि ओलावृष्टि से फसल चौपट हो गई। लेखपाल सर्वे न कर एक जगह बैठकर चहेतों को लाभ दे रहें है। रुपए की मांग करते हैं, नहीं देने पर मुआवजा नहीं मिल पाता और शिकायत की बात करने पर लड़ने को उतारू हो जाते है। किसानों ने एसडीएम को लिखित ज्ञापन सौंपा। इसमें लेखपाल को हटाने के साथ साथ खेतों का सर्वे मौके पर किया जाए। एसडीएम के आश्वासन पर जाम खुल सका।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


