किसान ने एजेंसी संचालक पर लगाया ट्रैक्टर हड़पने का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

Orai News - कोंच क्षेत्र के किसान वीरपाल पटेल ने ट्रैक्टर एजेंसी संचालक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने 2019 में ट्रैक्टर खरीदा था, जो 2020 में दुर्घटना के बाद खराब हो गया। एजेंसी ने मरम्मत के लिए ट्रैक्टर लिया, लेकिन वापस नहीं किया। किसान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

किसान ने एजेंसी संचालक पर लगाया ट्रैक्टर हड़पने का आरोप

कोंच। कोंच क्षेत्र में किसान ने ट्रैक्टर एजेंसी संचालक पर गंभीर आरोप लगा पुलिस से गुहार लगाई है। कैलिया के वीरपाल पटेल ने बुधवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वीरपाल पटेल के अनुसार वर्ष 2019 में कोंच के नहर के पास स्थित एजेंसी से ट्रैक्टर खरीदा था। ट्रैक्टर का फर्स्ट पार्टी बीमा भी कराया गया था। वर्ष 2020 में हादसे के दौरान ट्रैक्टर कैलिया क्षेत्र में नाले में गिर गया, जिससे क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित का आरोप है कि बीमा क्लेम के तहत एजेंसी संचालक के कहने पर उन्होंने अपना ट्रैक्टर मरम्मत के लिए एजेंसी पर खड़ा कर दिया, लेकिन उन्हें कोई रसीद नहीं दी गई।

एजेंसी मालिक ने आश्वासन दिया था कि दो-तीन महीने में ट्रैक्टर ठीक कर वापस कर दिया जाएगा। वीरपाल पटेल का कहना है कि इसके बाद से वह लगातार एजेंसी संचालक से ट्रैक्टर वापस मांगते रहे, लेकिन हर बार उन्हें टाल मटोल कर दिया गया। इसी बीच एजेंसी भी बंद कर दी गई। शिकायत में आगे बताया गया है कि उन्हें जानकारी मिली कि उनका ट्रैक्टर रेंडर थाना क्षेत्र के ग्राम लरियापुरा में एक व्यक्ति लल्लाभैया द्वारा खेत में उपयोग किया जा रहा है। जब वे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उक्त व्यक्ति एजेंसी संचालक का रिश्तेदार है और दोनों मिलकर ट्रैक्टर हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं कि ट्रैक्टर वापस नहीं किया जाएगा। ट्रैक्टर न मिलने के कारण किसान को खेती-किसानी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद से संपर्क करने पर बताया गया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।