Orai News: खेत से लौट रहे वृद्ध की संदिग्ध हालात में नाले में डूबने से मौत
Orai News: कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं खेड़ा में रविवार शाम खेत देखकर
Orai News: कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम कुआं खेड़ा में रविवार शाम खेत देखकर घर लौट रहे 75 वर्षीय वृद्ध की नाले में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार रविवार शाम हरकिशन 75 वर्ष निवासी ग्राम कुआं खेड़ा खेत का काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। दुर्गा मंदिर के समीप स्थित नाले की पुलिया पर वह कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। आशंका है कि इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह अनियंत्रित होकर 10 फीट गहरे नाले में जा गिरे और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह जब ग्रामीण नाले की तरफ से गुजरे तो उन्होंने पानी में एक वृद्ध का शव तैरता देखा। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र हैं। राम जीवन गांव में अलग रहते हैं जबकि सुधीर और अजीत नोएडा में मजदूरी करते हैं। रात भर हरकिशन के घर न लौटने पर पत्नी रामश्री ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सुबह शव मिलने से घर में कोहराम मच गया। इस संबंध में सीओ राजेश कमल का कहना है कि नाले से वृद्ध का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। आंख के समीप का हिस्सा पानी में रहने वाले जीव-जंतुओं द्वारा नोचा गया प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वृद्ध को बीती शाम पुलिया पर बैठा देखा गया था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


