रामनगर प्राथमिक विद्यालय में 68 में नौ बच्चे पहुंचे अर्धवार्षिक परीक्षा देने

रामनगर प्राथमिक विद्यालय में 68 में नौ बच्चे पहुंचे अर्धवार्षिक परीक्षा देने

संक्षेप:

Orai News - उरई में सरकारी परिषदीय स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षा शिक्षकों की बीएलओ ड्यूटी के कारण अव्यवस्थाओं के बीच हुई। कई स्कूलों में बच्चों की कम संख्या देखी गई, जहां केवल 9 बच्चे परीक्षा देने आए। बीएसए ने विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा के इंतजाम देखे और गुणवत्तापूर्ण परीक्षा के निर्देश दिए।

Dec 10, 2025 10:53 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, उरई
share

उरई। शिक्षकों के बीएलओ ड्यूटी में होने से सरकारी परिषदीय स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षा औपचारिकता के बीच शुरू हुईं। कहीं बच्चों की कम संख्या तो कहीं बीएलओ में शिक्षक और शिक्षामित्र के होने से अव्यवस्थाओं के बीच परीक्षा संपन्न कराई गई। वहीं बीएसए ने आधा दर्जन विद्यालयों का निरीक्षण कर परीक्षा के इंतजाम देखे। बुधवार से जनपद के सभी सरकारी परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं के बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हुई। लेकिन ज्यादातर स्कूलों में शिक्षक और शिक्षामित्र के बीएलओ ड्यूटी में होने से इसका असर अर्धवार्षिक परीक्षा पर दिखाई दिया। हिंदुस्तान ने बुधवार के अंक में गुरुजी खोज रहे मतदाता कैसे होंगी परीक्षाएं शीर्षक से पड़ताल करती सरकारी परिषदीय स्कूलों की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वहीं परीक्षा में व्यवस्थाओं का हाल जानने को बुधवार को जायजा लिया तो कई जगह अव्यवस्थाओं के साथ परीक्षा संपन्न कराई गईं। मुख्यालय के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय रामनगर में 68 बच्चों का यहां नामांकन हैं और प्रधानाध्यापिका सीमा भारती बीएलओ ड्यूटी कर रही हैं। बुधवार को परीक्षा के पहले दिन 68 में मात्र 9 बच्चे परीक्षा देते नजर आए और प्रधानाध्यापिका के न होने से जूनियर हाई स्कूल तुलसी नगर से आए सहायक अध्यापक अमित विश्नोई कक्षा एक से पांचवी के बच्चों की मौखिक परीक्षा लेते नजर आए। लेकिन शेष बच्चे परीक्षा से किनारा कर गए। उधर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बिरजू भारती कटियार ने कन्या प्राथमिक विद्यालय रामनगर उरई का निरीक्षण किया। मौके पर प्रधानाध्यापिका साधना निरंजन और शिक्षा मित्र बच्चों की परीक्षा कराते मिले। जबकि एसआरजी लोकेश पाल भी बच्चों से मौखिक परीक्षा के सवाल मोबाइल पर पूछते दिखाई दिए। सहायक अध्यापक का अनीता बाथम बीएलओ ड्यूटी पर गई थी तो मौके पर नहीं मिली। बीएसए ने गुणवत्तापूर्ण और सुचिता के साथ परीक्षा संपन्न कराए जाने के अन्य विद्यालयों में भी निरीक्षण कर निर्देश दिए।