
जिला अस्पताल में 20 दिन से डिजिटल एक्सरे सेवा बंद
Orai News - उरई के जिला अस्पताल में 20 दिन से डिजिटल एक्सरे सेवा ठप है, जिससे हड्डी के मरीजों को परेशानी हो रही है। मरीजों को बाहरी प्राइवेट सेंटर से एक्सरे कराना पड़ रहा है। अस्पताल में मुफ्त डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलती थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उरई। जिला अस्पताल में 20 दिन से ठप पड़ी डिजिटल एक्सरे सेवा से हड्डी के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्सरे के लिए मरीज अस्पताल परिसर में यहां वहां भटकते नजर आ रहे हैं। ऐसे में मरीजों को बाहर के प्राइवेट सेंटर से एक्सरे कराकर मजबूरी में जेब ढीली करनी पड़ रही है। जिला अस्पताल में मुफ्त डिजिटल एक्स-रे की सुविधा से मरीजों को भारी राहत मिल रही है। क्योंकि राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी डिजिटल एक्सरे के लिए मरीजों को अच्छी खासी फीस जमा करनी पड़ती है। पूरे जिले से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के जिला अस्पताल में रोजाना 150 से 160 मरीजों के यहां डिजिटल एक्सरे होते हैं।
लेकिन जिला अस्पताल में 22 दिसंबर से डिजिटल एक्सरे सेवा बंद पड़ी है जिससे मरीज सुविधा से महरूम हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि कंप्यूटर पर सॉफ्टवेयर इंस्टॉल ना होने से मरीजों की डिजिटल एक्सरे सेवा ठप हो गई है। शुक्रवार को एक्सरे कराने आए मरीज राजेश कुमार, ऊषा देवी, सरला, रामकेश, मीनू, आदि ने बताया कि हड्डी की समस्या होने पर डॉक्टर ने एक्सरे के लिए लिखा है। लेकिन एक्स-रे रूम में गए तो बताया गया कि यहां तकनीकी खराबी के कारण काफी दिनों से एक्सरे बंद पड़े हैं। ऐसे में मजबूरी में बाहर के प्राइवेट केंद्र पर जाकर पैसे खर्च कर एक्सरे कराना पड़ रहा है। वहीं शुक्रवार को 20 दिन से ठप पड़ी डिजिटल एक्सरे सेवा से पुरानी मशीन से मजबूरी में 60 से 70 एक्सरे ही हो पाए। लेकिन मशीन बहुत पुरानी होने से इसकी रिपोर्ट भी स्पष्ट नहीं आ रही है, जिससे एक्सरे के लिए आए मरीज जिला अस्पताल में इधर-उधर भटक रहे हैं। ---- जिला अस्पताल के डिजिटल एक्स-रे में कंप्यूटर का सॉफ्टवेयर गड़बड़ होने से 20 दिन से डिजिटल एक्सरे की सुविधा मरीजों को नहीं मिल रही है। इंजीनियर को कॉल की गई है और एक-दो दिन में उसके आने के बाद सॉफ्टवेयर इंस्टॉल होने पर फिर से मरीजों को डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलने लगेगी। - डॉ. आनंद उपाध्याय, सीएमएस, जिला अस्पताल उरई

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




