बिना सूचना विद्युत आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ता परेशान
Orai News - कालपी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर उपभोक्ताओं में असंतोष है। बिना सूचना के बिजली कटने और रिचार्ज में पारदर्शिता की कमी से लोग परेशान हैं। शहर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्याओं के समाधान की मांग की गई। विधायक और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इन समस्याओं को गंभीरता से लिया।

कालपी। प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं में गहरा असंतोष है। बिना पूर्व सूचना के विद्युत आपूर्ति बाधित होने, रिचार्ज प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी से जनता परेशान हैं। विद्युत उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है। उपभोक्ताओं की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए शहर पेश इमाम कारी शमसुद्दीन के आवास पर उपभोक्ताओं तथा नागरिकों की बैठक आयोजित की गयी। इसमें प्रीपेड स्मार्ट मीटर से आने वाली समस्याओं के निदान की मांग की गई। क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी के साथ, पूर्व पालिका अध्यक्ष कमर अहमद, समाजसेवी शशिकांत सिंह चौहान, कल्लू ठाकुर, आजम खान, सभासद रियाजुल हक,कन्हैया मिश्रा आदि ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए सिर दर्द बन गए हैं।
बिना वजह ऑनलाइन कनेक्शन विच्छेद हो रहे हैं। जिससे उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान जल्द कराया जाए। विद्युत उपकेंद्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी ने पहुंच कर उपभोक्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी। विद्युत उपखण्ड अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह सचान से वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र एवं नियमानुसार समाधान की मांग की। विद्युत उपखण्ड अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह सचान ने कार्यदायी संस्था द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी तथा लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक से जुड़ी इस नई व्यवस्था में प्रारंभिक स्तर पर कुछ कठिनाइयां आना स्वाभाविक है। उपभोक्ता धैर्य बनाए रखें और विभाग का सहयोग करें, शीघ्र ही सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


