Orai News: कालपी मदारीपुर मार्ग पर नाला पर बने पुल की सुरक्षा दीवार धसकी
Orai News: कालपी में जोल्हुपुर मदारीपुर रोड पर जोधर नाला पर बने पुल की सुरक्षा दीवार धसक गई है। इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने के साथ ही दुर्घटना की संभावनाएं बढ़ गई हैं। स्थानीय निवासी सड़क की स्थिति को लेकर चिंतित हैं, जबकि PWD के अधिकारी जल्द मरम्मत का आश्वासन दे रहे हैं।

Orai News: कालपी। संवाददाता पहली बरसात में ही जोल्हुपुर मदारीपुर रोड स्थित जोधर नाला पर बने पुल की सुरक्षा दीवाल धसक गयी जिससे उसकी गुणवत्ता पर तो सवाल खड़े ही हो रहे है तो दुर्घटना की भी सम्भावना बढ़ गयी है।जोल्हुपुर मदारीपुर रोड क्षेत्र की प्रमुख सड़क है जहां से प्रतिदिन एक सैकड़ा गाँव का आवागमन होता है साथ ही यह रोड एनएच 27 को औरेया रोड से भी जोड़ता है जिसके चलते औरेया और हमीरपुर जनपद आने जाने वाले लोग भी इसी रोड से होकर गुजरते है। शासन ने इस रोड की उपयोगिता के चलते इसके चौड़ीकरण पर करोड़ों रूपये खर्च किए है जिससे आवागमन सुलभ हो।
हालाकि अभी इस रोड पर काम चल रहा है। इसी चौड़ीकरण की कड़ी में सार्वजनिक निर्माण विभाग ने जोधर नाला पर बने पुल के आसपास चौड़ीकरण किया और सड़क को कटाव से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार भी बनाई है जिस पर लाखों का खर्च आया है लेकिन अब इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गये है। आलम यह है कि महज दो माह पहले तैयार हुई सड़क और सुरक्षा दीवार जगह जगह धसकने के साथ चटक भी गयी है। बैरई गाँव निवासी राकेश सिंह, अंकित आदि लोग कहते हैं कि सड़क की मिट्टी जगह जगह से बह गयी है ऐसे में वाहन चालक किनारे गया तो दुर्घटना भी हो सकती है। इस सम्बन्ध में पीडब्ल्यूडी के अधिशाषी अभियन्ता महेन्द्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है जल्द ही क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत कराई जाएगी साथ ही अगर जांच मे गुणवत्ता खराब मिली तो सम्बंधित फर्म के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल अभी उक्त काम का भुगतान लम्बित है।


