पंप ऑपरेटर की मनमानी से पेयजल आपूर्ति बाधित
Orai News - जालौन के ग्राम भदवा में पेयजल आपूर्ति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। पंप ऑपरेटर की मनमानी के कारण नियमित पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ऑपरेटर गाली-गलौज करते हैं और पानी की सप्लाई बंद रखने की धमकी देते हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जांच और नए ऑपरेटर की नियुक्ति की मांग की है।

जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम भदवा में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव में स्थापित पानी की टंकी से पूरे गांव में पेयजल की आपूर्ति की जाती है, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पंप ऑपरेटर की मनमानी के कारण लोगों को नियमित पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार टंकी पर तैनात पंप ऑपरेटर बबलू कुमार वर्मा निर्धारित समय पर पानी की सप्लाई चालू नहीं करते है। जब भी कोई ग्रामीण पानी की समस्या को लेकर उनसे बात करता है तो वह गाली-गलौज पर उतर आते हैं और टंकी बंद रखने की धमकी देते हैं।
इससे गांव के लोग, खासकर महिलाएं और बुजुर्ग, पेयजल के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हो रहे हैं। गांव के रामवीर वर्मा, वीरेंद्र, लल्लन सिंह पटेल, होरीलाल, मुन्ना, विवेक, मुनेश बराह और सुखई पटेल सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी की सप्लाई नियमित न होने से रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह के समय जब पानी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, उस समय भी टंकी चालू नहीं की जाती। ग्रामीणों का कहना है कि एक-एक बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। मंगलवार की शाम को पंप ऑपरेटर ने पानी की सप्लाई नहीं दी इसके बाद बुधवार की सुबह भी जब टंकी चालू नहीं हुई तो कई लोग टंकी परिसर में पहुंचे और ऑपरेटर से सप्लाई शुरू करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान पंप ऑपरेटर ने ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और पंप ऑपरेटर को तत्काल हटाकर किसी अन्य ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए, ताकि गांव में नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


