यूपी विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, 17 और 24 को लगेंगे विशेष कैंप
यूपी में एसआईआर के दौरान जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं शामिल हो सका है, उनके पास नाम जुड़वाने का मौक है। निर्वाचन आयोग 17 और 24 को बूथों पर विशेष कैंप लगाने जा रहा है।

वोटर लिस्ट में नाम काटे जाने और अन्य गड़बड़ियों को लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत अन्य दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग बड़ा अभियान चलाने जा रहा है।यूपी में विधानसभा चुनाव की वोटिंग लिस्ट में छूटे हुए और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाया जाएगा। इसके तहत सभी जिलों में हर बूथ पर 17 और 24 अक्तूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारियों को खास निर्देश दिए गए हैं। मतदाता पंजीकरण के लिए बीएलओ लोगों को फॉर्म-6 उपलब्ध कराएंगे। जिसे भरकर मतदाता बन सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बताया कि कैंप में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि व पते से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराना आवश्यक होगा। सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 भरवाने के लिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इसमें लोगों को फॉर्म-6 भरवाने में मदद की जाएगी।
मतदाता सूची भी बूथों पर उपलब्ध होगी
मतदाताओं से मिले सभी फॉर्मों को सुरक्षित ढंग से रिकॉर्ड में बीएलओ रखेंगे। इससे आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण और निरीक्षण अधिकारियों को यह अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराएंगे। सभी बूथों पर यह मतदाता पंजीकरण अभियान बेहतर ढंग से चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। सीईओ ने सभी पात्र नागरिकों को अपील की है कि वह विशेष कैंप के दिन बूथों पर जरूर जाएं। वहां बीएलओ से मतदाता सूची लेकर उसमें अपना नाम देखें।अगर आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो मौके पर ही फॉर्म-6 भरकर जमा करें।
डीएम और अन्य अधिकारी करेंगे निरीक्षण
विशेष कैंप की चेकिंग जिला निर्वाचन अधिकारी यानी डीएम के साथ ही अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण करेंगे। वह देखेंगे कि समय पर अभियान शुरू हुआ या नहीं और फॉर्म-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं या नहीं। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी विशेष कैम्प दिवसों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए हर बूथ पर कैम्प का आयोजन कराया जाए। इसके साथ ही, अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले फार्मों का उचित रखरखाव और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न आने पाए।

