ओपी राजभर के इकलौते MLC को मंच पर नहीं मिली कुर्सी; कार्यक्रम से लौटे, बिच्छेलाल बोले- मुझे आमंत्रण क्यों दिया
मऊ जंक्शन पर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह में सुभासपा एमएलसी बिच्छेलाल राजभर मंच पर कुर्सी नहीं मिलने से नाराज होकर लौट गए। उन्होंने डीएम और डीआरएम पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब बैठने की व्यवस्था नहीं थी तो उन्हें आमंत्रित ही क्यों किया गया। जांच की मांग की गई है।

मऊ जंक्शन पर मऊ-दिल्ली एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह के दौरान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के एमएलसी बिच्छेलाल राजभर नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से लौट गए। उनका आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित तो किया गया था, लेकिन मंच पर बैठने के लिए कुर्सी तक उपलब्ध नहीं कराई गई। इसको लेकर उन्होंने रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन पर नाराजगी जताई। रेलवे के कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। सुभासपा प्रमुख एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पार्टी से एमएलसी बिच्छेलाल राजभर भी आमंत्रित अतिथियों में शामिल थे। लेकिन मंच पर बैठने की व्यवस्था नहीं होने से वह कार्यक्रम का बहिष्कार कर वापस लौट गए।
मंच पर कुर्सी नहीं मिलने पर भड़के सुभासपा के MLC
मीडिया से बातचीत में बिच्छेलाल राजभर ने कहा, ‘जब रेल अधिकारी, डीआरएम और जिलाधिकारी को मुझे बैठने के लिए कुर्सी नहीं देनी थी, तो मुझे निमंत्रण ही क्यों दिया गया? बुलाने के बाद इस तरह की उपेक्षा उचित नहीं है। डीएम साहब को इस मामले पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीए में उनकी पार्टी का वह इकलौते एमएलसी हैं और एक माननीय जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें सम्मान मिलना चाहिए था। राजभर ने डीएम और डीआरएम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जब मंच पर जगह नहीं थी तो उन्हें बुलाया ही नहीं जाना चाहिए था। रेलवे प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाजपाई-सपाई समर्थक भिड़े
आपको बता दें इससे पहले इसी कार्यक्रम के दौरान भाजपा और सपा के कार्यकर्ता भिड़ गए थे। मऊ जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने नारे लगा रहे समर्थकों शांत कराते हुए कहा कि आप लोग अपनी ऊर्जा बचाकर रखिए, अगर कोई आपका प्लॉट कब्जा कर ले तो यह वहां काम आएगी। कैबिनेट मंत्री की तरफ से मंच से यह कमेंट आने के बाद मंचासीन घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय आक्रोशित हो गए और मंच पर खड़े हो गए। इस दौरान सांसद ने मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों से इसकी शिकायत भी दर्ज कराई। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि उन्हें मंच पर बुलाकर बेइज्जत किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने सांसद को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया। मऊ जंक्शन पर कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद सांसद कार्यक्रम स्थल से चले गए।
मुझे बुलाकर बेइज्जत किया गया- राजीव राय
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि उन्हें बुलाकर बेइज्जत किया गया। कार्यक्रम में आईं महिलाओं को भी अपमानित किया गया, जिसका सबूत भी उनके पास है। सांसद ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें माहौल शांतिपूर्ण रहने का भरोसा दिया था। सांसद राजीव राय ने बताया कि एडीजी पीयूष मोर्डिया ने उन्हें फोन करके आश्वासन दिया था कि कार्यक्रम में किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं आने दिया जाएगा। लेकिन, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की मौजूदगी में अपराधी और हिस्ट्रीशीटर किस्म के लोग मौजूद थे। सांसद राजीव राय ने प्लॉट पर कब्जा करने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्री की तरफ इशारा करते हुए सांसद ने कहा कि कब्जा करके वे बैठे हैं, सारे कब्जाधारी वहीं हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का अपमान हुआ है, इसके लिए मंत्री को माफी मांगनी चाहिए।


