शादीशुदा महिला से एकतरफा प्यार में पति का कर डाला कत्ल, भूसे में छिपाई लाश
पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि सेराज का एक नाबालिग दोस्त और राजू उर्फ आरिफ के साथ 3 जनवरी की शाम चाय की दुकान पर कहासुनी हुई थी। सेराज का आरोप था कि उसकी पत्नी से राजू का एकतरफा प्रेम प्रसंग है। इसी को लेकर राजू ने सेराज को कांशीराम आवास के पास तीन जनवरी की शाम को नाबालिग मित्र के जरिये बुलवाया।

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के दिलदारनगर थाना क्षेत्र के देहवल स्थित कांशीराम आवास में नौ दिन से लापता युवक का शनिवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृत युवक की पत्नी से एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। इसमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिलदारनगर के वार्ड नंबर-9 निवासी पूर्व सभासद मेराज के 25 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सेराज खान तीन जनवरी से लापता चल रहा था। परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सेराज के पिता ने मामले में उसकी पत्नी, सास, साले समेत चार लोगों पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।
विवेचना और पुलिस की कड़ी जांच के दौरान पता चला कि सेराज का एक नाबालिग दोस्त और राजू उर्फ आरिफ के साथ तीन जनवरी की शाम चाय की दुकान पर कहासुनी हुई थी। सेराज का आरोप था कि उसकी पत्नी से राजू का एकतरफा प्रेम प्रसंग है। वह फोन करके उसे परेशान करता था। इसी बात को लेकर राजू ने सेराज को कांशीराम आवास के पास तीन जनवरी की शाम को नाबालिग मित्र के जरिये बुलवाया।
जैसे ही सेराज वहां पहुंचा राजू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले तल पर रखे भूसे में छिपा दिया। नाबालिग को हिरासत में लेकर जब पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो उसने राज उगल दिया। रविवार को पुलिस ने शव बरामद कर लिया। दिलदारनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया है। उसी की निशानदेही पर शव बरामद हुआ। राजू समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

