एक आदमी को गोली से उड़ाया, दूसरे को कार चढ़ाकर मार डाला, बुलंदशहर में डबल मर्डर
बुलंदशहर में मंगलवार की देर रात दो पक्षों में पैसे के लेन देन को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे आक्रोशित दूसरे पक्ष ने पहले पक्ष के युवक को कार चढ़ाकर मार डाला।

बुलंदशहर में पैसे के लेनदेन में खूनी संघर्ष हो गया है। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर में मंगलवार देर रात एक पक्ष के युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह देख मृतक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को गाड़ी चढ़ा कर मार डाला। दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया। वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एसएसपी समेत कई स्थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार गांव निजामपुर में रुपयों के विवाद में एक ही बिरादरी के दो पक्षों में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे कहांसुनी हुई फिर मारपीट और फायरिंग हो गई। पुलिस के अनुसार गोली लगने से एक पक्ष के 45 वर्षीय अजब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख अजब सिंह पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के सोनू उर्फ सुनील पर कार चढ़ा दी। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग में अरविंद और रतन गंभीर रूप से घायल हो गए। रतन की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर भारी फोर्स तैनात
सूचना मिलते ही मौके पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। एसएसपी ने बताया कि अजब सिंह की गोली लगने से मौत हुई है, जबकि सोनू पर गाड़ी चढ़ा दी गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई। अरविंद और रतन घायल हुए हैं। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
नाली खोदने पर विवाद, दो पक्षों में लाठी-डंडे, रॉड से हमला
चांदपुर, संवाददाता। चांदपुर क्षेत्र के गांव बमनोली में नाली खोदने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया। मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हिंदुस्तान समाचार पत्र वायरल वीडियो की पुष्टि नही करता है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चांदपुर के गांव बमनोली निवासी संतराम सिंह ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब छह बजे मकान के सामने नाली खोदने को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर आरोप है कि गांव के कुछ दंबग लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी जब सतंराम से मारपीट कर रहे थे तो बीच-बचाव करने आए परिवार के महीपाल सिंह, अजय कुमार,अमित कुमार भी मारपीट में घायल हो गए।
मारपीट में चारों घायल थाने पहुंचे और पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी स्याऊ भेजा। चिकित्सक ने महिपाल की गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से महिपाल को मेरठ रेफर कर दिया। मारपीट के दौरान एक वीडियो वायरल हुई जिसमें आरोपी लाठी डंडे से मारपीट करते हुए नजर आए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


