एक कचौड़ी दो समोसा, जनता को भाजपा पर नहीं भरोसा, लखनऊ में सपा ऑफिस के बाहर लगी होर्डिंग
लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर भाजपा और चुनाव आयोग के विरोध में सपा नेता ने होर्डिंग लगाई है। इस होर्डिंग में भाजपा और चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए स्लाेगन लिखे गए हैं।

UP Vidhansabha Chunav: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर प्रदेश में पोस्टर वार शुरू हो गया है। लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगाई गई है। इस होर्डिंग में लिखे स्लोगन भाजपा पर तंज कस रहे हैं। साथ ही चुनाव आयोग को भी होर्डिंग पर लिखे स्लोगन के जरिए घेरा गया है। होर्डिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने लखनऊ सपा कार्यालय के बाहर एक बड़ी होर्डिंग लगवाई है। इसमें सबसे ऊपर बदायूं सांसद आदित्य यादव और साथ में शिवपाल यादव की फोटो छपी है। इसके बाद बड़े साइज में अखिलेश यादव की तस्वीर दिख रही है।
नीचे तरफ सपा नेता मोहम्मद इखलाक का तस्वीर है और बीच में भाजपा और चुनाव आयोग को लेकर स्लोगन लिखे हैं। भाजपा पर तंज कसने के लिए लिखा गया एक कचौड़ी दो समोसा, जनता को बीजेपी पर नहीं है भरोसा। दूसरा स्लोगन एक कचौड़ी दो समोसा, चुनाव आयोग पे न करना भरोसा जैसे स्लोगन लिखे हैं। बतादें कि इससे पहले भी यूपी में पोस्टरवार हो चुके हैं। कभी भाजपा के खिलाफ पोस्टर लगा रही है तो कभी सपा भाजपाइयों के खिलाफ पोस्टरवार कर रहे हैं। अभी हाल में पिछले महीने वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन पर ही विपक्ष ने उनके खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाए थे।
सपा ने अचानक बदले दो एमएलसी प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद चुनाव को लेकर अचानक दो प्रत्याशियों में बदलाव कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद शक्षिक सीट और आगरा शिक्षक सीट पर अपने पूर्व घोषित उम्मीदवारों को बदलते हुए नए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सपा ने पूर्व घोषित प्रत्याशी कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। संजयन त्रिपाठी हाल तक भाजपा में टिकट के दावेदार थे। टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बना ली थी।
शुक्रवार को उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और इसके अगले ही दिन सपा ने उन्हें शिक्षक सीट से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसी तरह आगरा शिक्षक सीट पर भी सपा ने अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने पूर्व घोषित प्रत्याशी राम प्रकाश गुप्ता का टिकट काटकर वर्तमान विधान परिषद सदस्य आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। दोनों सीटों पर प्रत्याशी बदलने के फैसले को सपा की चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर भाजपा से आए संजयन त्रिपाठी को तत्काल टिकट दिए जाने से शिक्षक सीट का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। यूपी विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इनमें शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। चुनाव से पहले प्रमुख दलों की ओर से प्रत्याशियों में बदलाव और नए चेहरों को मैदान में उतारने से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।


