
बच्चा मोबाइल पर देख रहा था इंस्टाग्राम और चलने लगी गंदी रील, इन्फ्लुएंसर पर मां ने कराई FIR
इंस्टाग्राम पर अश्लील रील देखकर एक महिला ने साइबर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिस समय इंस्टाग्राम पर यह रील आई, उनका बच्चा मोबाइल देख रहा था। तत्काल बच्चे से मोबाइल लेकर बंद कर दिया और थाने पहुंच गईं।
उत्तर प्रदेश के आगरा में सोशल मीडिया पर अश्लीलता परोसने वाली एक इन्फ्लुएंसर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला उस समय सामने आया जब एक महिला के बच्चे मोबाइल पर रील (Reel) देख रहे थे और अचानक उनके सामने एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो आ गया। बच्चों को असुरक्षित कंटेंट से बचाने के लिए मां ने न सिर्फ फोन छीन लिया, बल्कि इस 'अश्लीलता' के खिलाफ कानूनी जंग भी छेड़ दी।
क्या है पूरा मामला?
ताजगंज क्षेत्र के फतेहाबाद रोड निवासी रूबी तोमर, जो आयुर्वेद दवाओं की सप्लाई का काम करती हैं, ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रूबी के अनुसार, 5 जनवरी को उनके बच्चे घर पर इंस्टाग्राम चला रहे थे। इसी दौरान स्क्रीन पर एक महिला इन्फ्लुएंसर की रील आई, जिसमें अश्लील और भद्दे इशारे किए जा रहे थे। रूबी ने तुरंत मोबाइल कब्जे में लिया और जब उस आईडी की जांच की, तो पाया कि वह पूरा पेज ही आपत्तिजनक सामग्री से भरा हुआ है।
करोड़ों में व्यूज और हजारों फॉलोअर्स
जांच में सामने आया कि जिस इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ शिकायत हुई है, उसके करीब 4.50 लाख फॉलोअर्स हैं और फेसबुक पर भी इसकी अच्छी खासी पहुंच है। हैरानी की बात यह है कि इस विवादित वीडियो को अब तक करीब डेढ़ करोड़ लोग देख चुके हैं। वीडियो के कमेंट बॉक्स में भी बेहद भद्दी और अमर्यादित बातें लिखी गई हैं, जो समाज और बच्चों की मानसिकता पर बुरा असर डाल रही हैं।
ब्यूटी पार्लर में पहली बार दिखा था वीडियो
शिकायतकर्ता रूबी तोमर ने बताया कि 4 जनवरी को जब वह काम के सिलसिले में कमला नगर के एक ब्यूटी पार्लर गई थीं, तब वहां मौजूद एक अन्य महिला 'मन्नू' के फोन पर भी यही रील चली थी। तब भी रूबी ने इस पर आपत्ति जताई थी, लेकिन अगले ही दिन अपने बच्चों के हाथ में वही कंटेंट देखकर उन्होंने इस पर कड़ी कार्रवाई का मन बना लिया।
आगरा की ही रहने वाली है आरोपी युवती
जानकारी के मुताबिक, विवादित आईडी चलाने वाली लड़की आगरा के ही कमला नगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है। वह अपनी रील्स में महिलाओं पर भद्दे कमेंट करने और गंदे इशारों वाले ऑडियो-वीडियो बनाने के लिए जानी जाती है। रूबी तोमर की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और तकनीकी टीम के जरिए महिला की सटीक पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



