
अब सांड-राज का अंत होना चाहिए, अलीगढ़ की घटना को लेकर अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा
रेबीज से ग्रसित एक बेकाबू सांड़ ने सोमवार को अलीगढ़ में दो लोगों की जान ले ली। करीब एक घंटे तक सांड़ गांधीपार्क से लेकर क्वार्सी क्षेत्र के कई इलाकों में दौड़ते हुए आतंक मचाया और एक के एक बाद लोगों पर हमला करता गया। इसमें एक युवक और बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में सोमवार को सांड के हमले से दो लोगों की मौत पर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा-‘अब सांड-राज खत्म होना चाहिए। बहुत हुआ...।’ बता दें कि रेबीज से ग्रसित एक बेकाबू सांड़ ने सोमवार को अलीगढ़ में दो लोगों की जान ले ली। करीब एक घंटे तक सांड़ गांधीपार्क से लेकर क्वार्सी क्षेत्र के कई इलाकों में दौड़ते हुए आतंक मचाया और एक के एक बाद लोगों पर हमला करता गया। कहीं पूजा करने जा रही महिला का पेट फाड़ दिया तो कहीं कचौड़ी खा रहे युवक को उठाकर पटक दिया। इसमें एक युवक और बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हालांकि बाद में सांड़ की भी मौत हो गई।

‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट के साथ अखिलेश यादव ने अलीगढ़ में सांड के हमले का वीडियो भी शेयर किया है। मंगलवार को अखिलेश ने यूपी सरकार को गोमती नदी की सफाई को लेकर भी घेरने की कोशिश की। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा- ‘जब भाजपा सरकार जा रही है, तब गोमती की याद आ रही है। भाजपाई जान लें कि गोमती की उपेक्षा करने का उनका पाप बातों से नहीं धुलेगा।’
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं सपा प्रमुख
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव 2027 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जोरशोर से जुटे हैं। इधर उन्होंने यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। सोमवार को भी उन्होंने सरकार पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार में हर वर्ग पीड़ित और प्रताड़ित है। सरकार के आंकड़े झूठे और फर्जी है।
भाजपा झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह करती है। सरकार हर मोर्च पर नाकाम है। अखिलेश ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि रायबरेली के बाल्मीकि समाज के युवक की हत्या समेत प्रदेश में कई घटनाएं हुई है, जहां पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। भाजपा सरकार सामंती मानसिकता से काम कर रही है।





