
अब बुलंदशहर में पीट-पीटकर हत्या, फेरी पर सामान लेकर पहुंचे युसूफ को मार डाला
यूपी के बुलंदशहर में अब एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। डिबाई कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर दोराहा पर फेरी करने वाले युवक के साथ दो युवकों ने मारपीट की। मामूली विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है।
यूपी के बुलंदशहर में अब एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। डिबाई कोतवाली क्षेत्र के भीमपुर दोराहा पर फेरी करने वाले युवक के साथ दो युवकों ने मारपीट की। मृतक की पत्नी ने दो-तीन तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों राजेंद्र वर्मा और भारत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। छोटे से विवाद के बाद मारपीट की बात कही जा रही है।
कस्बा तथा थाना छतारी निवासी युसूफ पुत्र निजाम खान 40 वर्ष फेरी का कार्य करता है। यूसुफ की पत्नी शकीला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका पति रविवार को किसी कार्य से भीमपुर दोराहा गया था। इसी दौरान दो-तीन तथा कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बेहोशी की हालत में यूसुफ को अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान यूसुफ की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि रतन सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार का न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की मौजूदगी में शव दफन
यूसुफ की हत्या के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्बा छतारी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यूसुफ के शव को गमगीन माहौल में दफन किया गया। इस दौरान एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह, सीओ प्रखर पांडेय सहित कई थानों की पुलिस मौजूद रही।
15 साल से गांव-गांव लगाता था फेरी
छतारी के मोहल्ला नगला बंजारा का रहने वाला यूसुफ करीब 15 वर्षों से गांव गांव फेरी लगाकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बेचने का काम करता था। यूसुफ की मौत से परिजनों में मातम छाया हुआ है। यूसुफ परिवार का गुजर-बसर करने वाला एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। अचानक हुई मौत से पत्नी और बच्चों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पत्नी शकीला के अलावा पुत्र फरहान,सोहिल व पुत्री जन्नत,सुभाना,साजिया और अली हैं जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



