सावन महीने में कांवड़ मार्ग पर बिक रही थी नॉनवेज बिरयानी, दुकान पर चला बुलडोजर, काउंटर ध्वस्त
बरेली के बहेड़ी में कांवड़ मार्ग पर एक दुकान में नॉनवेज बिरयानी बेची जा रही थी। प्रतिबंध के बावजूद नॉनवेज की बिक्री की सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
Bulldozer Action in Bareilly: यूपी के बरेली में पाबंदी के बाद भी एक दुकानदार सावन महीने में नॉनवेज बिरयानी बेंचते मिला। कांवड़ मार्ग पर मौजूद दुकान पर नॉनवेज बिरयानी बेचने की सूचना पर पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई की। टीम ने बुलडोजर से दुकान का टीनशेड ओर काउंटर पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने दुकानदार को भी हिरासत में लिया है। दुकान पर बुलडोजर कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पूरा मामला बहेड़ी कस्बे के नए रोडवेज बस स्टैंड के सामने हाईवे का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मोहल्ला लोधीपुरा निवासी सलमान नाम का एक युवक मुर्ग बिरयानी की दुकान चलाता है। प्रशासन ने पहले ही सावन महीने में मांस और उससे बनने वाली सभी चीजों की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगा रखी है। इसके बाद सलमान अपनी दुकान में नॉनवेज बिरयानी बेंच रहा था। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शानू गंगवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस नगर पालिका टीम के साथ मौके पर पहुंची। इसी दौरान सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दुकानदार सलमान को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
मौके पर पहुंचा बुलडोजर, दुकान को किया ध्वस्त
पुलिस और नगर पालिका की टीम ने नॉनवेज बेच रहे दुकानदार की दुकान को ध्वस्त कर दिया। टीम ने बुलडोजर से दुकान का काउंटर और टिनशेड को पूरी तरह से हटा दिया। पुलिस-प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर बढ़ाई गई निगरानी
कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली से बहेड़ी और अन्य प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस-प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। टीमें यह भी जांच कर रही हैं कि प्रतिबंधित या निर्धारित क्षेत्रों में मांस, चिकन और मछली की बिक्री तो नहीं हो रही है। अधिकारियों ने कारोबारियों से नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बीडीए ने दो अवैध कॉलोनियां कीं ध्वस्त
वहीं दूसरी ओर बरेली में बीडीए की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को कैंट थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही दो कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। टीम ने बिना प्राधिकरण की अनुमति के की जा रही प्लॉटिंग, सड़क, गेट और बाउंड्रीवाल के निर्माण को हटाया। बीडीए संयुक्त सचिव दीपक कुमार का कहना है कि गांव बारीनगला में वरुण शंखवार की ओर से आरौही इन्क्लेव के नाम से करीब 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, गेट और बाउंड्रीवाल का काम कराया जा रहा था। वहीं बुखारा रोड, थाना कैंट क्षेत्र में नेम चंद्र सक्सेना और पोषाकी लाल उपाध्याय की ओर से करीब 5000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना बीडीए अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भी प्लॉटिंग के साथ सड़क और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था।


