यूपी में अब बिजली विभाग के नहीं लगाने होंगे चक्कर, क्यू आर कोड स्कैन बदल जाएगा नंबर

प्रमुख संवाददाता, कानपुर
Follow us on Google News
share

जिन उपभोक्ताओं का पुराना नंबर बंद हो गया था या रीचार्ज न होने की वजह से निष्क्रिय हो चुका था। उन्हें न तो बिल की जानकारी मिल पा रही थी और न ही वे बिल डाउनलोड कर पा रहे थे। कई मामलों में मोबाइल नंबर किसी दूसरे व्यक्ति को अलॉट हो जाने से बिजली संबंधी सूचनाएं गलत व्यक्ति तक पहुंच रही थीं।

यूपी में अब बिजली विभाग के नहीं लगाने होंगे चक्कर, क्यू आर कोड स्कैन बदल जाएगा नंबर

UP News : उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अब अपने बिजली कनेक्शन से जुड़ा मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए बिजली दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं के लिए क्यूआर कोड आधारित नई ऑनलाइन सुविधा शुरू की है, जिसके जरिए घर बैठे मोबाइल नंबर अपडेट या सुधार किया जा सकेगा। यह सुविधा खासतौर पर उन उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आई है, जिनके पुराने मोबाइल नंबर बंद हो चुके हैं या किसी दूसरे व्यक्ति को अलॉट हो गए हैं।

दरअसल, स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू होने के बाद बिल, ओटीपी और अन्य सूचनाएं पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही भेजी जाती हैं। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं का पुराना नंबर बंद हो गया था या रीचार्ज न होने की वजह से निष्क्रिय हो चुका था, उन्हें न तो बिल की जानकारी मिल पा रही थी और न ही वे बिल डाउनलोड कर पा रहे थे। कई मामलों में मोबाइल नंबर किसी दूसरे व्यक्ति को अलॉट हो जाने से बिजली संबंधी सूचनाएं गलत व्यक्ति तक पहुंच रही थीं।

यूपीपीसीएल ने इस समस्या के समाधान के लिए क्यूआर कोड आधारित मोबाइल नंबर अपडेट सुविधा शुरू की है। उपभोक्ता क्यूआर कोड स्कैन करते ही यूपीपीसीएल की अधिकृत वेबसाइट के उस पेज पर पहुंच जाएंगे, जहां मोबाइल नंबर अपडेट करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा यूपीपीसीएल की वेबसाइट पर जाकर भी ‘मोबाइल नंबर एवं ई-मेल सुधार’ लिंक के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

ऐसे बदल सकेंगे मोबाइल नंबर

क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद उपभोक्ता को सबसे पहले अपना जिला चुनना होगा। कानपुर के उपभोक्ताओं को ‘कानपुर नगर’ चयन करने के बाद संबंधित डिस्कॉम यानी केस्को या दक्षिणांचल का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद कनेक्शन का अकाउंट नंबर दर्ज कर कंटीन्यू करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर पंजीकृत मोबाइल नंबर के अंतिम चार अंक दिखाई देंगे। यदि वह नंबर उपभोक्ता के पास उपलब्ध है तो ‘यस’ पर क्लिक करने पर उस नंबर पर ओटीपी जाएगा।

ओटीपी दर्ज करते ही नया नंबर अपडेट करने का विकल्प खुल जाएगा। अगर पुराना नंबर उपलब्ध नहीं है या किसी दूसरे व्यक्ति को अलॉट हो चुका है तो ‘नो’ पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आधार नंबर दर्ज करना होगा। आधार ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया के तहत आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद नया मोबाइल नंबर दर्ज किया जा सकेगा। नए नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक अपडेट हो जाएगा।

क्या बोले अधिकारी

केस्को के एक्सईएन और मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह व्यवस्था लागू की है। इस महीने जारी हो रहे नए बिजली बिल फॉर्मेट की पीडीएफ के सबसे नीचे भी क्यूआर कोड अंकित किया गया है ताकि उपभोक्ता आसानी से मोबाइल नंबर अपडेट या सुधार सकें।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।