न चश्मदीद, न CCTV फुटेज, फिर भी एक-एक राज खुला; मुस्कान-साहिल को ऐसे मिली फांसी की सजा
मेरठ के बहुचर्चित नीला ड्रम कांड में सौरभ राजपूत की हत्यारी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को अदालत ने सजा-ए-मौत सुनाई है। इस केस की सबसे अहम बात यह है कि इसमें न कोई चश्मदीद था और न ही कोई सीसीटीवी फुटेज। फिर भी मुस्कान-साहिल का एक-एक राज फाश हो गया और आखिरकार उन्हें फांसी की सजा सुनाई गई है।

मेरठ, प्रमुख संवाददाता। मेरठ के नीला ड्रम केस यानी सौरभ राजपूत हत्याकांड में कोई चश्मदीद गवाह नहीं था, न ही कोई सीसीटीवी फुटेज थी। इस केस को जांच और सबूतों की तलाश का मास्टरपीस भी कह सकते हैं। पुलिस ने जिस तरह से आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए और लाश बरामद की, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के निशान तलाशे और अभियोजन ने पूरी कहानी को कोर्ट के सामने जोड़कर पेश किया। कोर्ट में परिस्थितिजन्य साक्ष्य, हत्या की वजह और मुस्कान-साहिल के प्रेम प्रसंग का खुलासा किया गया, तब कहीं जाकर मुस्कान और साहिल को सजा हो पाई है। वरना, आरोपियों ने तमाम सीसीटीवी फुटेज से बचने और बचाव के कई रास्ते तैयार कर रखे थे।
कोर्ट में भी मुस्कान और साहिल ने अपने बचाव में यही कहा कि जब हत्या हुई तो वे दोनों हिमाचल प्रदेश में थे और उन्होंने हत्या नहीं की। ऐसे में इस केस में पुलिस ने काफी मशक्कत करते हुए सबूत जुटाए थे। एक-एक गवाह को खोजकर निकाला गया। जिस जगह से मुस्कान ने बेहोशी की दवा खरीदी, उस मेडिकल स्टोर संचालक को गवाह बनाया गया। जहां से नीला ड्रम, चाकू और सीमेंट लाया गया, उन्हें भी गवाह बनाकर मुस्कान की पहचान कराई गई। पुलिस ने मुस्कान और साहिल को 18 मार्च को एक जगह से ही गिरफ्तार दिखाया और उनकी निशानदेही पर ही लाश को नीले ड्रम से बरामद किया गया था। इसके अलावा साहिल और मुस्कान के फोन कॉल डिटेल, इनकी मोबाइल लोकेशन, हिमाचल के होटल के दो मैनेजर के बयान और गवाही कराई गई। अभियोजन ने इन्हीं तमाम साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की कड़ी से कड़ी जोड़ी और इन्हें एक धागे में पिरोकर कोर्ट में पेश किया। हत्या का तरीका, समय और वजह सब कुछ कोर्ट में बताई गई। इसलिए ही मुस्कान और साहिल को कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई।
फोरेंसिक टीम ने घर में खोजे खून के निशान
फोरेंसिक टीम की भूमिका इस केस में अहम रही। फोरेंसिक टीम ने सौरभ के खून के निशान उस बाथरूम में खोजे, जहां पर लाश के टुकड़े किए गए थे। वह बैग भी खोज निकाला, जिसमें सौरभ का कटा हुआ सिर रखा था। इस बैग पर साहिल की अंगुलियों के निशान भी मिले थे। इसके अलावा जिस कमरे में हत्या हुई, वहां भी मुस्कान के अलावा साहिल के फिंगर प्रिंट मिले, जिससे साफ होता है कि साहिल हत्या के समय कमरे में था।
अभियोजन पक्ष ने विरलतम अपराध बता मांगी फांसी की सजा
अभियोजन पक्ष ने कहा कि मुस्कान ने पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित किया। मुस्कान और साहिल का समाज में रहना खतरनाक है। विरलतम श्रेणी का अपराध बताकर दोनों के लिए फांसी की मांग की। साथ ही कहा कि ऐसे आरोपियों पर नरमी दिखाना समाज के लिए घातक है। सुप्रीम कोर्ट के कुछ आदेशों का हवाला देकर बताया कि कोर्ट खुद कहता है कि ऐसे दोषियों पर दया करने से न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कम होगा।अभियोजन ने साहिल और मुस्कान को फांसी देने की मांग की, जबकि बचाव पक्ष ने मुस्कान की दो बेटियों का हवाला देते हुए पहला अपराध बताकर कम सजा की मांग की। हालांकि कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड की सजा सुनाई।

