गोरखपुर में तीन दिन तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, इधर से गुजरेंगी गाड़ियां, जानें नया रूट
गोरखपुर में शिवरात्रि के मौके पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए तीन दिनों तक स्पेशल डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने 9 अगस्त की सुबह से 11 अगस्त की राततक डायवर्जन प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर, ट्रेलर समेत भारी वाहनों के शहर में एंट्री पर रोक रहेगी।

Gorakhpur Route Diversion: यूपी के गोरखपुर में सावन महीने के दूसरे सोमवार और 11 अगस्त को पड़ने वाली शिवरात्रि के मौके पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए तीन दिनों तक स्पेशल डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने 9 अगस्त की सुबह छह बजे से 11 अगस्त की रात 12 बजे तक डायवर्जन प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर, ट्रेलर समेत भारी वाहनों के शहर में एंट्री पर रोक रहेगी और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
एसपी ट्रैफिक अमित कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सामान्य दिनों में रात 10 बजे से लागू होने वाली नो-एंट्री व्यवस्था 9 अगस्त से स्थगित रहेगी। यह प्रतिबंध 11 अगस्त की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, ऑयल टैंकर, दूध टैंकर और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को इस व्यवस्था से छूट रहेगी।
अयोध्या जाने वाले वाहन लिंक एक्सप्रेसवे से जाएंगे
बस्ती जिले के भद्देश्वरनाथ मंदिर जाने वाले कांवड़ियों को देखते हुए कुशीनगर और देवरिया से अयोध्या व लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। गोरखपुर शहर से अयोध्या और लखनऊ जाने वाले वाहन कालेसर और तेनुआ टोल प्लाजा होते हुए लिंक एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे। गीडा सेक्टर-26 के सामने से भी वाहनों को इसी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
इधर से जाएंगी गाड़ियां
महादेव झारखंडी मंदिर जाने वाले मार्ग पर देवरिया बाईपास से आने वाले भारी वाहनों को खोराबार से सिक्टौर, चिड़ियाघर, रामगढ़ताल थाना मोड़ और देवरिया बाईपास होते हुए भेजा जाएगा।
कूड़ाघाट की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी, जगदीशपुर और कोनी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर (हरबर्ट बंधा) मार्ग से टीपी नगर की ओर जाने वाली बसों और टैंकरों को न्यू सिक्सलेन ओवरब्रिज से होकर निकाला जाएगा।
पिपराइच स्थित मोटेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर पादरी बाजार से भारी वाहनों को मोहद्दीपुर और खजांची चौराहे की ओर मोड़ा जाएगा। सरैया बाजार चौराहे से पिपराइच रोड की ओर भारी वाहनों का प्रवेश रोककर बरगदहीं मार्ग से भेजा जाएगा।
बड़हलगंज से नौसड़ तक कांवड़ियों के लिए एक लेन सुरक्षित रहेगी। वाहन दूसरी लेन से गुजरेंगे।
कन्नौज में भी रूट डायवर्जन
उधर, कन्नौज में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सावन महीने के दूसरे सोमवार, महाशिवरात्रि और हरियाली अमावस्या के अवसर पर मेहंदी घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। इसके तहत 8 अगस्त की शाम चार बजे से 12 अगस्त तक भारी वाहनों और 9 अगस्त दोपहर 12 बजे से 12 अगस्त तक हल्के वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
यातायात व्यवस्था के तहत औरैया के बेला तिराहा, हरदोई के मल्लावां बैरियर, हरदोई मोड़, बख्शीपुरवा बैरियर, आयशा पेट्रोल पंप बैरियर, नीली कोठी बैरियर, छिबरामऊ के फतेहगढ़ चौराहा तथा मलिकपुर रेलवे क्रॉसिंग सहित आठ प्रमुख स्थानों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। कई बैरियरों से आगे केवल स्थानीय और स्नानार्थी वाहनों को ही अनुमति होगी, जबकि कुछ स्थानों से श्रद्धालुओं को पैदल मेहंदी घाट तक जाना होगा।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। आयशा पेट्रोल पंप पर बसों, डीजे वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की पार्किंग होगी, जबकि नीली कोठी पर मोटरसाइकिल और कारें खड़ी की जाएंगी। इसके अलावा मंसाराम के मकान के सामने, पंचायत भवन के सामने तथा आवश्यकता पड़ने पर हरदोई मोड़ के पास अस्थायी पार्किंग भी बनाई जाएगी।


