ना MP-MLA का फोन, ना ऊपर से आदेश; एक बच्चे के लिए कलेक्टर ने चार घंटे में बदलवाया ट्रांसफार्मर
यूपी के शाहजहांपुर में सात साल के बच्चे की अपील पर जिलाधिकारी ने चार घंटे में ट्रांसफार्मर लगवाया है। बच्चे की वीडियो वायरल होने के बाद डीएम सख्त हुए और तत्काल ऐक्शन लिया है। ट्रांसफार्मर फुंकने से 200 से अधिक घरों के लोग भीषण गर्मी में परेशान थे।

UP News: यूपी में भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने और ट्रांसफार्मर फुंकने से राजधानी लखनऊ से लेकर तमाम जिलों में लोग परेशान हैं। छोटे शहरों में तो ट्रांसफार्मर बदलना जैसे बहुत बड़ा काम हो गया है। सांसद-विधायकों तक से फोन कराना पड़ता है या ऊपर से आदेश कराने पर ही जल्द ट्रांसफार्मर बदलता है। शाहजहांपुर के कलान तहसील में इसके विपरीत स्थिति देखने को मिली है। यहां सात साल के बच्चे की अपील चार घंटे में ही जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ट्रांसफार्मर बदलवा दिया है। मामला परौर थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव का है।
ककोड़ा गांव का ट्रांसफार्मर सोमवार को फुंक गया था। इसके बाद गांव के करीब 200 घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल रहने से भीषण गर्मी में लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। दिन में गर्म हवाओं के साथ उमस और रात में अंधेरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बिजली निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार सूचना दी, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
गांव में बढ़ती परेशानी के बीच सात वर्षीय अधिराज आगे आया। ककोड़ा देसी बॉयज टीम में अपनी अभिनय प्रतिभा के कारण ‘छोटा पैकेट’ नाम से लोकप्रिय अधिराज ने गांव की समस्या को लेकर एक वीडियो बनाया। वीडियो में उसने मासूम अंदाज में डीएम से गांव की बिजली बहाल कराने की अपील की। गांव और लोगों की परेशानी बयां की। उसने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया करते हुए डीएम को भी टैग किया। देखते ही देखते यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना और वायरल हो गया।
वीडियो सामने आते ही डीएम ने लिया संज्ञान
वीडियो सामने आते ही डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल तलब कर मामले की जानकारी ली। पता चला कि ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण वहां दिक्कत है। डीएम की सख्ती के बाद बिजली विभाग सक्रिय हुआ और शाहजहांपुर शहर से नया ट्रांसफार्मर ककोड़ा गांव भेजा गया। मंगलवार रात ट्रांसफार्मर गांव पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने वाहनों की रोशनी में ही उसे स्थापित कर दिया। देर रात बिजली आपूर्ति बहाल होते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
पिछले 24 घंटे से बिजली विभाग की अनदेखी के कारण जो काम नहीं हो पा रहा था। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण परेशान थे, वह काम ‘छोटा पैकेट’ के एक वीडियो से हो गया। बिजली आने के बाद बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी ने राहत महसूस की। ग्रामीणों ने डीएम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिस समस्या के समाधान के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे थे, वह एक छोटे बच्चे की अपील से दूर हो गई। समस्या का समाधान होने के बाद अधिराज और उसके साथियों ने एक और वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह को धन्यवाद देते हुए उन्हें ‘रियल हीरो’ बताया।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


