यूपी के आसमान में विकास की नई उड़ान: इन तीन जिलों में बनेंगे एयरपोर्ट; इसी साल शुरू होगा सर्वे

Feb 13, 2026 06:42 am ISTYogesh Yadav लखनऊ। ज्ञान प्रकाश
share

यूपी में अब जगह-जगह उड़ानों के लिए रेडी टू गो एयरपोर्ट होंगे। इसी कड़ी में तीन जिलों में नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इन एयरपोर्ट के लिए इसी साल सर्वे शुरू हो जाएगा। कुछ एयरपोर्ट का विस्तार भी होगा।

यूपी के आसमान में विकास की नई उड़ान: इन तीन जिलों में बनेंगे एयरपोर्ट; इसी साल शुरू होगा सर्वे

उत्तर प्रदेश को 'एक्सप्रेस-वे प्रदेश' बनाने के बाद अब योगी सरकार इसे 'एयरपोर्ट प्रदेश' बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। हालिया बजट में नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए विस्तार की असीम संभावनाएं पेश की गई हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर प्रमुख हिस्से में 'रेडी टू गो' एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध हो। इसी कड़ी में तीन जिलों ललितपुर, झांसी और लखीमपुर खीरी में नए हवाई अड्डे बनाने की घोषणा की गई है। इसके लिए इसी साल सर्वे का काम शुरू हो जाएगा।

इसके साथ ही लखनऊ एयरपोर्ट के विस्तार में यूपी सरकार सहयोग करेगी। यह हवाई अड्डा पीपीपी मॉडल पर है। यूरोप-अमेरिका की उड़ानें शुरू करने के लिए अमौसी एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार आवश्यक है। इसमें एयरपोर्ट प्रबंधन की जरूरतें एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के जरिए यूपी सरकार पूरी करेगी। जैसे, भूमि अधिग्रहण में तेजी, समस्याओं का विभिन्न विभाागों के समन्वय से समाधान।

इसी तरह श्रावस्ती, मुरादाबाद और अलीगढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। यूपी के बजट में नागरिक उड्डयन के लिए 2,111 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। इसमें जेवर (नोएडा) अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए ₹750 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इनमें से ₹700 करोड़ भूमि अधिग्रहण और ₹50 करोड़ निर्माण कार्यों के लिए हैं। साथ ही, इस हवाई अड्डे पर रनवे की संख्या 2 से बढ़ाकर 5 करने का निर्णय लिया गया है।

राज्य सरकार की हवाई पट्टियों के निर्माण, विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए ₹1,100 करोड़ प्रस्तावित किए गए हैं। कुल बजट में से ₹1,965 करोड़ विशेष रूप से नागरिक उड्डयन परियोजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूंजीगत व्यय के रूप में रखे गए हैं। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अतिरिक्त ₹7 करोड़ का प्रावधान किया गया है। नागरिक उड्डयन के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह के अनुसार नए एयरपोर्टों के लिए तेजी से काम चल रहा है।

यूपी में 22 हो जाएगी एयरपोर्ट की संख्या

वर्ष 2017 के पहले यूपी में लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर और आगरा यानी पांच एयरपोर्ट थे। तब से अब तक 12 और एयरपोर्ट बन चुके हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा ललितपुर, झांसी, मेरठ और लखीपुर खीरी में नए एयरपोर्ट तैयार होने के बाद 75 जिलों वाले यूपी में एयरपोर्ट की संख्या 22 हो जाएगी।

मार्च 2017 के पहले से संचालित एयरपोर्ट

1. लखनऊ

2. वाराणसी

3. गोरखपुर

4. आगरा

5. कानपुर कैंट

मार्च, 2017 के बाद विकसित किए गए एयरपोर्ट

1. प्रयागराज

2. हिण्डन (गाजियाबाद)

3. बरेली

4. कुशीनगर

5. कानपुर सिविल

6. अयोध्या

7. अलीगढ़

8. आजमगढ़

9. मुरादाबाद

10. श्रावस्ती

11. चित्रकूट

12. सरसावा (सहारनपुर)

यहां शुरू होंगे एयरपोर्ट

1. नोएडा इन्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर

2. ललितपुर

3. झांसी

4. मेरठ

5. लखीमपुर-खीरी

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को देख रहे हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं। पत्रकारिता में 25 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। सिटी टीम का नेतृत्व भी किया। बीकॉम में ग्रेजुएट और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर रिपोर्टिंग भी की है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |