
नेपाल का भैरहवा एयरपोर्ट बंद, सैकड़ों भारतीय फंसे; भंसार बंद होने से सीमा पर लंबा जाम
भैरहवा एयरपोर्ट के बंद होने से नेपाल में फंसे भारतीयों की वापसी में दिक्कतें और बढ़ गई हैं। सीमावर्ती इलाके में व्यापार और यातायात पूरी तरह बाधित है। नेपाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रही हैं। सीमा पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम है।
नेपाल में चले दो दिवसीय आंदोलन के चलते भैरहवा का गौतम बुद्ध डोमेस्टिक एवं अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बंद हो गया है। इससे सैकड़ों भारतीय पर्यटक और यात्री नेपाल में फंस गए हैं। पोखरा और काठमांडू के कई होटल भारतीय पर्यटकों से पूरी तरह भरे हुए हैं, जो यातायात और कर्फ्यू की वजह से भारत वापस नहीं लौट पा रहे। इस बीच नेपाल का भंसार बंद होने से सोनौली सीमा पर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
बताया जा रहा है कि पोखरा में करीब 800 भारतीय पर्यटक फंसे हुए हैं, जबकि काठमांडू में यह संख्या 2000 के करीब है। होटल मालिकों ने प्रशासन को भारतीय पर्यटकों की सूची भी सौंपी है, ताकि उनकी सुरक्षा के साथ सीमा तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जा सके। भैरहवा एयरपोर्ट के बंद होने से नेपाल में फंसे भारतीयों की वापसी में दिक्कतें और बढ़ गई हैं, जबकि सीमावर्ती इलाके में व्यापार और यातायात पूरी तरह बाधित है। नेपाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रही हैं।
यातायात ठप, पर्यटक होटलों में फंसे
पोखरा और काठमांडू में फंसे पर्यटक बताते हैं कि कर्फ्यू के कारण वे अपने होटल से बाहर तक नहीं निकल पा रहे। भारत से नेपाल आने वाले ट्रांसपोर्टर भी अपने माल को गोदाम से निकालने में असमर्थ हैं, जिससे भंडारण समस्याएं पैदा हो गई हैं। सोनौली, नौतनवा और अन्य नाकों पर लगाए गए एसएसबी के बैरिकेड के चलते नेपाली मालवाहकों और पैदल यात्रियों की आवाजाही कड़ी जांच के बाद ही हो पा रही है।
सीमा पर आठ किलोमीटर लंबा जाम
नेपाल में राजनीतिक और सामाजिक हालात बिगड़ने के कारण नेपाल-भारत सीमा पर स्थित बेलहिया भंसार मंगलवार को कुछ घंटों के लिए खुला था, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने के चलते इसे पुनः बंद कर दिया गया। भंसार बंद होने से सोनौली बॉर्डर पर मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो अब आठ किमी तक फैल गई है। इससे न केवल व्यापारियों की परेशानी बढ़ी है, बल्कि आम लोग और पर्यटक भी प्रभावित हो रहे हैं। नेपाल के प्रमुख हिस्सों में कर्फ्यू और सुरक्षा नाकेबंदी के चलते सीमा क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। धारा 144 भी लागू है। वहीं, मंगलवार की शाम को प्रदर्शनकारी सोनौली सीमा से सटे बेलहिया नेपाल गेट तक आ गए। बेलहिया पुलिस चौकी के पोस्ट पर ईंट फेंका। ओली देश छोड़ो का नारा लगाया।
नेपाल की बेथरीब्रिज से लेकर भैरहवा और बेलहिया भंसार तक कर्फ्यू के कारण नेपाली प्रशासन ने बेलहिया भंसार भवन को बंद कर दिया है। सीमित स्थान और भयंकर भीड़ के कारण भंसार परिसर में केवल निर्धारित संख्या में वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। इससे मालवाहक ट्रक सोनौली बाजार के आसपास तक जाम में फंसे नजर आ रहे हैं। पेट्रोलियम वाहन भंसार परिसर में खड़े हैं, जिन्हें सड़क पर निकाला नहीं जा रहा है। लाेग पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी झेल रहे हैं।
चार दिन से फंसे हैं बंगाल, महाराष्ट्र के ट्रक ड्राइवर
नेपाल में हिंसक प्रदर्शन से व्यापारियों और मालवाहक चालकों की भी स्थिति बेहद गंभीर है। सोनौली बार्डर पर आठ किलोमीटर लंबी कतार में फंसे हुए वाहन चालक अपनी सीमाओं में फंसे रहने से आर्थिक दिक्कतें झेल रहे हैं। कई चालक चार-पांच दिन से जाम में फंसे हैं, जिससे घर परिवार की जिम्मेदारियां और आर्थिक तंगी दोनों देखी जा रही हैं।
बंगाल से मालवाहक लेकर आए चालक राम विलास ने बताया कि भैरहवा जाना है। सोनौली में ही चार दिन से फंसे हुए हैं। पैसों की कमी होने लगी है। वाराणसी से कोयला लेकर आए चालक संभाजीत यादव ने बताया कि चार दिन से सोनौली बार्डर पर रुके हैं। भैरहवा जाना है। नेपाल में हिंसक प्रदर्शन से गाड़ी जा नहीं पा रही है। घर पर पत्नी की तबीयत खराब है। स्थिति यही रही तो ट्रक को दूसरे साथी को सौंप घर जाना पड़ेगा। फिरोजाबाद से बीयर की खाली बोतल ट्रक से लेकर आए चालक भिकम सिंह ने बताया कि नेपाल के नारायण घाट में डिलीवरी देनी है। तीन से सोनौली में फंसे हैं। सड़क के किनारे शौच व लघुशंका करनी पड़ रही है। महाराष्ट्र के नासिक से सीमेंट पाउडर लेकर आए ट्रक चालक मोहम्मद रईस ने बताया कि काठमांडू जाना है। चार दिन से सोनौली में फंसे हैं।
नेपाल के रुपनदेही जिले में धारा 144 लागू
नेपाल के रुपन्देही जिले में कर्फ्यू तो हटा दिया गया है, लेकिन सुरक्षा बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू है। पड़ोसी देश में जारी अशांति के मद्देनजर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां भी सीमा पर अलर्ट पर हैं और सोनौली के साथ-साथ अन्य सीमा नाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एसएसबी और पुलिस की टुकड़ियां सीमावर्ती इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद से सघन जांच जारी है। भंसार बंद होने से नेपाल में खाद्य सामग्रियों, सब्जियों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी भी नजर आ रही है, जिससे वहां महंगाई बढ़ने की आशंका है। दोनों देशों के बीच मालवाहकों और यात्रियों की आवाजाही बाधित होने से क्षेत्रीय व्यापार भी ठप पड़ा है।
सीमा के बाजारों में पसरा है सन्नाटा
सोनौली, बरगदवा, ठूठीबारी जैसे सीमावर्ती बाजारों में नेपाली ग्राहकों की कमी के कारण व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि दशहरा-दीपावली के लिए मंगवाया गया माल खराब होने के कगार पर है और ऐसे हालात में वित्तीय नुकसान होगा। मालवाहक ठप होने से दुकानदारों की चिंता बढ़ी है।
भारत-नेपाल बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
सेना और एसएसबी ने सोनौली सीमा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। एसएसबी ने बैरिकेडिंग लगाकर किसी भी नेपाली वाहन को बिना जांच के भारत आने से रोका है। केवल भारतीय वाहनों को और पैदल यात्रियों को पूछताछ के बाद ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है। नेपाल भैरहवा में आंदोलनकारी समूहों ने कस्टम बेरिकेडिंग तोड़ दी और प्रदर्शन किया। नेपाल पुलिस एवं भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सीमा पर चौकस हैं, ताकि हालात और खराब न हो।
नेपाल में अशांति से भारतीय सीमा के होटल खचाखच भरे
नेपाल में चल रहे आंदोलन और बिगड़े हालात का असर पर्यटन पर साफ दिख रहा है। नेपाल न जाकर भारतीय सीमा के होटल पर्यटकों से खचाखच भरे हैं। अधिकांश पर्यटक इस उम्मीद में रुक रहे हैं कि हालात एक-दो दिन में सामान्य हो जाएं तो नेपाल घूमने जा सकें, जबकि कुछ पर्यटक वापस अपने घर लौटने लगे हैं।
इंडो-नेपाल होटल के मालिक सरदार कवलजीत सिंह ने बताया कि होटल के सभी कमरे बुक हैं। बंगाल से आए 25 सदस्यीय दल यहां रुका है। दल के गाइड संजीव चटर्जी ने कहा कि अगर हालात मंगलवार तक नहीं सुधरे तो उनका समूह नेपाल की जगह उत्तराखंड रवाना हो जाएगा।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



