नेपाल में 5 मार्च को होंगे चुनाव, यूपी से लगा बार्डर सील; आसपास के बाजार होली पर भी बेरौनक
सोमवार की रात 12 बजे से भारत-नेपाल की सीमा पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इसकी वजह से सोनौली बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं होली का बाजार बेरोनक है। वजह यह कि सीमावर्ती बाजार नेपाल के ग्राहकों पर ही आश्रित है। बंद के कारण भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक और पर्यटक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद है।

Nepal Chunav: नेपाल में आगामी 5 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर यूपी के महाराजगंज से लगी इंडो-नेपाल सीमा 72 घंटे पूर्व यानी सोमवार की आधी रात से सील हो गई है। इसकी वजह से सोनौली सहित सीमाई बाजारों में सन्नाटा पसर गया है। सीमाई बाजारों के व्यापारियों की होली बेरंग हो गई है। केवल इमरजेंसी वाले वाहनों को ही आने-जाने की छूट दी जा रही है।
सोमवार की रात 12 बजे से भारत-नेपाल की सीमा पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। इसकी वजह से सोनौली बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं होली का बाजार बेरोनक है, क्योंकि सीमावर्ती बाजार नेपाल के ग्राहकों पर ही आश्रित है। बंद के कारण भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक और पर्यटक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद है। किसी को बेमतलब सीमा आने-जाने की छूट नहीं है। मंगलवार को भारत में फंसे नेपाली और नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को ही कागजात देखकर व पूछताछ कर आने-जाने दिया गया। वहीं, कॉलेज, हॉस्पिटल, ट्रेन हवाई जहाज टिकट वालों को भी आने-जाने की छूट मिली।
भगवानपुर संवाद के अनुसार नेपाल चुनाव को देखते हुए शासन के निर्देश पर भारतीय सीमा सील होते ही नेपाल से सटे बाजारों में सन्नाटा पसर गया है। दुकानदार दुकान खोलकर बैठे हैं लेकिन खरीदारी के लिए ग्राहक ही नहीं हैं। पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम गस्त कर सुरक्षा का अहसास कराने में जुटी है। बार्डर सील होने से नेपाल सीमा से सटे बाजार भगवानपुर, सेवतरी, झिंगटी, बरगदवा आदि बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। बार्डर क्षेत्र में नेपाली नागरिकों के भरोसे ही भारतीय बाजार चलता है। नेपाली नागरिक के आवागमन बाधित होने से सीमा से सटे बाजारों की रौनक फीकी हो गई है।
नेपाल चुनाव और होली को लेकर सीओ ने किया निरीक्षण
होली पर्व और पड़ोसी देश नेपाल में होने वाले चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मंगलवार को फरेंदा सीओ अनिरुद्ध कुमार ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीओ ने सीमावर्ती चौकियों, एसएसबी कैंप व पुलिस पिकेट का दौरा किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों को सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने को कहा। बिना वैध दस्तावेज के आवागमन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
सीओ ने कहा कि होली के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा नेपाल में चुनाव के मद्देनजर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। इस दौरान एसओ अखिलेश सिंह व एसएसबी टीम भी मौजूद रही।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें


