पड़ोसी ने गिफ्ट का वादा कर रच दिया मासूम की मौत का जाल, बच्चों को लेकर खौफ में मां-बाप
गोरखपुर में एक पड़ोसी ने जिस तरह मासूम का भरोसा जीतकर उसे मौत के घाट उतारा है उससे लोगों के अंदर दहशत घर कर गई है। 10 साल के मासूम वैभव को हत्यारोपी ने गिफ्ट का वादा कर अपने जाल में फंसाया था। मासूम ने घर पर बताया भी था कि अंकल उसे गिफ्ट देने वाले हैं।

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक ज्वेलर के 10 साल के मासूम बेटे की हत्या ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मासूम वैभव को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस ‘गिफ्ट’ का उसे इंतजार था, वही उसके लिए मौत का जाल बन जाएगा। हत्या के बाद अब परिवार को बेटे की वह मासूम बात बार-बार याद आ रही है, जिसे सुनकर उस समय किसी ने कोई खतरा नहीं समझा था। इस घटना को लेकर मां-बाप के बीच अपने छोटे बच्चों को लेकर डर फैल गया है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि किस पर भरोसा करें और किस पर नहीं।
बताया जा रहा है कि घटनावाले दिन भी गिफ्ट के नाम पर ही सर्वेश ने उसे रोका था, दावा किया जा रहा है कि खेत की तरफ ले जाकर हत्या करने के बाद बोरे में शव को भर कर अपने बेंसमेंट में गेहूं और चावल के बोरी के बीच रख दिया उस पर रजाई रख दी थी। हालांकि अभी पुलिस ने इस पर खुलासा नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 24 घंटे पहले गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है ऐसे में अंदाजा है कि घर से निकले के कुछ देर बाद ही उसकी हत्या हो गई है।
परिवार वालों को अब लग रहा है कि आरोपी सर्वेश शर्मा उर्फ बिट्टू शर्मा पिछले कई दिनों से वैभव को अपने जाल में फंसा रहा था। वह बच्चे से घुलने-मिलने की कोशिश करता था और अक्सर उससे बातचीत करता था। हत्या से करीब चार दिन पहले सर्वेश ने वैभव से कहा था, ‘बेटा, मैं तुम्हें बड़ा गिफ्ट दूंगा।’ घर लौटकर वैभव ने मासूमियत से अपने पिता हनुमान वर्मा को भी यह बात बताई थी। उसने खुशी-खुशी कहा था, ‘पापा, अंकल हमको बड़ा गिफ्ट देने वाले हैं... देखिए क्या गिफ्ट देते हैं।’ बेटे की इस बात को परिवार ने सामान्य बातचीत समझकर नजरअंदाज कर दिया। किसी को यह आभास नहीं था कि इसी बहाने आरोपी बच्चे का विश्वास जीत रहा है।
परिजनों ने बताया कि सर्वेश का घर उनके घर से कुछ ही दूरी पर था। वह आसपास का रहने वाला होने के कारण परिवार से परिचित था और घर के आसपास उसका आना-जाना भी था। यही वजह रही कि शुरुआत में किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ।
मासूम की हत्या पर फूटा गुस्सा, लोगों ने थाना घेरा
10 साल के वैभव वर्मा की हत्या से व्यापारियों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क गया। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में व्यापारी,महिलाएं और स्थानीय नागरिक खजनी-सिकरीगंज और खजनी-माल्हनपार मार्ग जाम करने के साथ ही खजनी थाने पहुंच गए। थाने का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपी का एनकाउंटर करने तथा उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे।
वहीं, कुछ लोग लॉकअप में आरोपी और उसके परिवार की तलाश करने लगे। पुलिस ने भीड़ का गुस्सा देखते हुए आरोपित और उसके परिवार को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया और एहतियातन अन्य थानों की फोर्स बुला ली। अफसरों के आश्वासन पर शाम करीब 4 बजे जाम खत्म हुआ ।
धरने पर बैठे लोगों का कहना था कि मासूम की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। महिलाओं ने भी आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और डीएम दीपक मीणा ने लोगों को भरोसा दिलाया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आश्वासन दिया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द से जल्द आरोपी को कठोर सजा दिलाई जाएगी। उधर, लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की फोर्स बुला ली गई है। घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


