Hindi NewsUP Newsndian Air Force training aircraft crashes in Prayagraj major accident averted landed in a pond; both pilots rescued
प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, इंजन में खराबी के बाद तालाब में गिरा, दोनों पायलट बचाए गए

प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, इंजन में खराबी के बाद तालाब में गिरा, दोनों पायलट बचाए गए

संक्षेप:

प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया है। विमान तकनीकी गड़बड़ी के बाद तालाब में गिर गया। इससे बड़ा हादसा टल गया है। विमान में सवार दोनों पायलटों को बचा लिया गया है।

Jan 21, 2026 02:09 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया है। इंजन में तकनीकी खराबी के बाद विमान तालाब में गिर गया। विमान में सवार दोनों पायलटों को बचा लिया गया है। स्थानीय लोगों ने दोनों को निकालकर अस्पताल भेजा है। हादसा जार्ज टाउन थाना क्षेत्र के सीएमपी कॉलेज के पास हुआ है। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और वायुसेना की टीम भी हेलीकाफ्टर राहत-बचाव के लिए पहुंची है। विमान को अब तालाब से निकालने की कोशिश हो रही है। संयोग से तालाब में जलकुंभी होने से विमान डूबा नहीं और दोनों पायलटों को आसानी से बचा लिया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बताया जाता है कि वायुसेना का ट्रेनी विमान बमरौली एयरबेस से उड़ा था। विमान पर दो पायलट सवार थे। कहा जा रहा है कि अचानक इसके इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद पायलटों ने विमान का पैराशूट खोल दिया। एक धमाके के साथ पैराशुट खुला तो विमान को रिहाइशी इलाके से दूर केपी कॉलेज के पीछे तालाब की तरफ मोड़ दिया गया। इसके बाद जलकुंभी से भरे तालाब में विमान गिर गया। पैराशूट खुलने की आवाज सुनने और विमान को गिरता देख स्थानीय लोगों की भीड़ तालाब के पास जुट गई। तालाब में जलकुंभी होने के कारण विमान डूब नहीं पाया और पायलट भी कुछ देर में ही बचा लिए गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों पायलटों को विमान से बाहर निकाला और हल्की चोट लगने के कारण एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा।

ये भी पढ़ें:शंकराचार्य क्यों लिख रहे? अविमुक्तेश्वरानंद को नोटिस, 24 घंटे में जवाब मांगा गया

हादसे की जानकारी मिलने के कुछ देर बाद ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और वायुसेना का दल भी हेलीकाप्टर से पहुंच गया। वायुसेना के विमान ने पहले ट्रेनी विमान के ऊपर से चारों तरफ चक्कर लगाया। इसके बाद तालाब के बगल में ही हेलीकॉप्टर को लैंड करा लिया। अब विमान को तालाब से निकालने की कोशिश हो रही है। चारों तरफ स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ा पड़ा है। उन्हें संभालने के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाई गई है।

बड़ा हादसा टला

विमान के रिहाइशी इलाके से दूर तालाब में गिरने से बड़ा हादसा टल गया है। दोनों पायलट तो सुरक्षित है, जमीन पर भी कियी को नुकसान नहीं हुआ है। इस समय प्रयागराज में माघ मेला भी चल रहा है। अगर विमान रिहाइशी इलाके में गिरता या किसी अन्य स्थान पर क्रैश होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। तालाब में गिरने और जलकुंभी के ऊपर ही रुक जाने के कारण विमान को भी ज्यादा नुकसान की आशंका कम जताई जा रही है।

पायलटों ने हाथ हिलाकर मांगी मदद

विमान के तालाब में गिरते ही अंदर बैठे दोनों पायलटो ने बाहर हाथ हिलाकर लोगों से मदद मांगी। केपी कॉलेज के पास बस अड्डे की तरफ से तीन लोग और रेलवे लाइन की ओर से भी तीन लोग तालाब के पास पहुंचे। केपी कॉलेज की तरफ से जाने वाले लोग तालाब की गहराई के कारण विमान तक नहीं पहुंच सके। रेलवे लाइन की तरफ से आए लोगों ने पायलटों को बाहर निकाला और हल्की चोट के कारण अस्पताल भेजा।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि एयरफोर्स का माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट संगम और फाफामऊ के लिए उड़ान भरा था। वापस लौटते समय तकनीकी गड़बड़ी के बाद पायलटों ने इसकी सेफ लैंडिंग तालाब में कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें यहां पहुंची हैं। दोनों पायलट सुरक्षित हैं।

वहीं, पीआरओ और प्रवक्ता (रक्षा),प्रयागराज क्षेत्र विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि यह घटना भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक दो-सीटर माइक्रोलाइट प्रशिक्षण विमान के साथ हुई है। विमान ने बमरौली स्थित वायु सेना स्टेशन से उड़ान भरी थी और उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते विमान को दोपहर 12.07 बजे घटनास्थल पर आपातकालीन पैराशूट लैंडिंग करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि विमान में सवार भारतीय वायु सेना के दोनों अधिकारी सुरक्षित रूप से बचा लिए गए हैं और वे पूरी तरह ठीक हैं।