
कानपुर में CTET परीक्षा देने भाभी की जगह ननद पहुंच गई, बायोमेट्रिक जांच में पकड़ी गई
कानपुर के बर्रा स्थित पूर्ण चन्द्र विद्या निकेतन में सीटेट परीक्षा के दौरान भाभी की जगह परीक्षा देने पहुंची ननद को बायोमीट्रिक मिलान में पकड़ा गया। वह सुबह अपनी और दूसरी पाली में भाभी की परीक्षा देने आई थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पहले दिन 98.83% अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में शनिवार दोपहर को कानपुर के बर्रा स्थित पूर्ण चन्द्र विद्या निकेतन स्कूल में भाभी की जगह परीक्षा देने पहुंची आरोपित युवती को बायोमीट्रिक जांच के दौरान पकड़ लिया। युवती सुबह की पाली में खुद की परीक्षा देने आई थी, जबकि दूसरी पाली में भाभी की परीक्षा देने पहुंची थी। बर्रा पुलिस आरोपित युवती से पूछताछ कर रही है। बर्रा स्थित पूर्ण चन्द्र विद्या निकेतन में शनिवार दोपहर को दूसरी पाली की परीक्षा शुरू हुई। इसी दौरान बायोमीट्रिक मिलान नहीं हुआ। इसकी सूचना स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को दी। पकड़ी गई युवती ने पूछताछ में अपना नाम कन्नौज के घना पूर्वा लाख निवासी अजब सिंह की पुत्री संध्या बताया।
वह अपनी भाभी शिवानी देवी की जगह पर परीक्षा देने केंद्र पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि प्रवेश पत्र पर दर्ज विवरण और बायोमीट्रिक रिकार्ड में अंतर था, इसके बाद उसे पकड़ा गया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से तहरीर दिए जाने के बाद आरोपित ननद और उसकी भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती से पूछताछ की जा रही है। वही्ं केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) के पहले दिन शनिवार को 98.83 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। मात्र 1.17 फीसदी ने परीक्षा छोड़ी। सुबह की पाली में पेपर-2 (उच्च प्राथमिक) की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में पेपर-1 (प्राथमिक) की परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों के अनुसार दोनों पालियों में गणित के सवाल लंबे कैलकुलेशन वाले ट्रिकी और भाषा के प्रश्न कठिन थे।
सीटीईटी कानपुर नगर के 46 सेंटरों पर हुई। इसमें पहले दिन दोनों पालियों में 37876 को परीक्षा देनी थी लेकिन 37434 ने परीक्षा दी। केवल 442 ने परीक्षा छोड़ी। पेपर-1 और 2 में कुल 150 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे गए थे। पेपर-2 की परीक्षा सुबह की पाली में हुई जिसमें बाल विकास, मैथमेटिक्स एंड साइंस अथवा सोशल स्टडीज व सोशल साइंस, भाषा 01 व भाषा 02 के पेपर हुए। इसी तरह पेपर-1 के लिए बाल विकास, मैथमेटिक्स, पर्यावरण अध्ययन व भाषा-1 व 2 के पेपर हुए।
डॉ. गौर हरि सिंहानिया एजुकेशन सेंटर पर सुबह की पाली में पेपर-2 के अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न तो ऑब्जेक्टिव थे लेकिन मैथ्स में जवाब के लिए रफ वर्क अधिक करना पड़ रहा था। इसमें अधिक समय लगा। सवाल भले आसान हों लेकिन जवाब के लिए तो समय लग रहा था। भाषा का पेपर देखने में आसान लग रहा था लेकिन कठिन था।





