Hindi NewsUP Newsmystery of young woman body found in canal was solved within three days fleeing killer was Arrested in encounter
नहर में मिली युवती की लाश की गुत्थी तीन दिन में ही सुलझी, भागे हत्यारे से एनकाउंटर

नहर में मिली युवती की लाश की गुत्थी तीन दिन में ही सुलझी, भागे हत्यारे से एनकाउंटर

संक्षेप:

यूपी के बुलंदशहर में नहर में मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने पूरी तरह सुलझा ली है। तीन दिन के अंदर ही हत्यारे को भी पकड़ लिया है। असलहा बरामदी के दौरान भागते समय एनकाउंटर भी हो गया। इसमें हत्यारे के साथ ही एक सिपाही को भी गोली लगी है।

Dec 04, 2025 07:53 am ISTYogesh Yadav बुलंदशहर, (संवाददाता)
share Share
Follow Us on

बुलंदशहर में एक दिसंबर को नहर में मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह सनसनीखेज हत्या पूर्व परिचित सलीम द्वारा मामूली विवाद के चलते की गई थी। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक सिपाही भी घायल हो गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना चोला में 28 नवंबर 2025 को नैथला हसनपुर निवासी अविवाहित महिला क्षमा शर्मा (पुत्री दिनेश शर्मा) की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद एक दिसंबर को कोतवाली नगर क्षेत्र के वलीपुरा नहर में क्षमा का शव मिला। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना चोला में सलीम पुत्र असरफ (पीरवाली गली, कस्बा कोतवाली नगर) समेत चार अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें:नीला ड्रम वाली मुस्कान की नई चाहत, प्रेमी साहिल को दिखाना चाहती है बेटी का चेहरा

मुठभेड़ में पकड़ा गया मुख्य आरोपी

बुधवार देर रात थाना चोला पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त सलीम को चोला चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सलीम ने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस टीम उसे आलाकत्ल (हत्या में प्रयुक्त हथियार) बरामद करने के लिए चिन्हित जगह पर ले गई।

एसएसपी के अनुसार, जहाँ आलाकत्ल छिपाया गया था, वहाँ सलीम ने एक तमंचा भी छुपा रखा था। हथियार बरामद करते समय उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश सलीम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इस दौरान बदमाश की गोली से थाना चोला पर तैनात कांस्टेबल अनुज/अंकुर की बाजू और हाथ पर भी चोट आई।

घायल बदमाश सलीम और कांस्टेबल को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सलीम के कब्जे से अवैध असलाह, कारतूस, आलाकत्ल चाकू और घटना में प्रयुक्त कपड़े बरामद किए हैं।

मामूली विवाद पर कर दी वारदात

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त सलीम ने स्वीकार किया है कि वह और मृतका क्षमा शर्मा पूर्व परिचित थे। किसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद से क्षुब्ध होकर, अभियुक्त सलीम ने 27 नवंबर को वलीपुरा नहर के पास क्षमा का गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी थी और शव को वहीं नहर के पास छोड़ दिया था। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी है।