सूखी रोटी पर 24 घंटे काम, भागने पर छोड़ते थे खूंखार पिटबुल कुत्ता; पुलिस ने 12 बंधक छुड़ाए
मुजफ्फरनगर में दोने पत्तल की फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को यातनाएं दी जाती थी। फैक्ट्री का मालिक मजदूरों को दिन में एक बार सूखी रोटी उन्हें खाने के लिए देता था। वहीं, व्यक्ति फैक्ट्री से भागने का प्रयास करता था तो उस पर पिटबुल डॉग छोड़ दिया जाता था।
UP News: यूपी के मुजफ्फरनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने दोने पत्तल की फैक्ट्री में कैद 12 श्रमिकों को मुक्त कराया। मंगलवार को पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फैक्ट्री में बंधक बनाए श्रमिकों को यातनाएं देकर काम कराया जाता था। दिन में मात्र एक बार सूखी रोटी उन्हें खाने के लिए दी जाती थी। अगर कोई व्यक्ति फैक्ट्री से भागने का प्रयास करता था तो उस पर पिटबुल डॉग छोड़ दिया जाता था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली कि तितावी थाना क्षेत्र के गांव मांडी में स्थित एक फैक्ट्री में श्रमिकों का बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है। एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक, सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह, तहसीलदार राधेश्याम गौड ने पुलिस टीम के साथ फैक्ट्री पर छापेमारी की। टीम ने बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, राजस्थान के 12 श्रमिकों को बंधनमुक्त कराया है, जिनमें कुछ नाबालिग भी है। फैक्ट्री मालिक के पिता प्रदीप बालियान निवासी मांडी व नौकर शिवा त्यागी निवासी उकावली थाना बुढ़ाना को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फैक्ट्री मालिक अंकित बालियान मौके से फरार हो गया।
दिनभर में मिलती थी एक सूखी रोटी
एसएसपी ने बताया कि आरोपी 10 से 12 हजार रुपये वेतन श्रमिकों को फैक्ट्री में लाते थे। उसके बाद उन्हें बंधक बनाकर 24 घंटे काम कराया जाता था। दिन में मात्र एक बार सूखी रोटी उन्हें खाने के लिए दी जाती थी। आरोपियों ने श्रमिकों को पिछले एक से डेढ़ साल से बंधक बनाकर काम करा रहे थे। अगर कोई आपस में बात या भागने का प्रयास करता था तो उसने भाला, डंडों व हंटरों से पिटाई की जाती थी। एक श्रमिक का गर्म भाला मारकर उसका कान तक काट दिया गया था।
दो मजदूर लापता, जांच के बाद हत्या की बढ़ेगी धारा
एसएसपी ने बताया कि मांडी की दोना फैक्ट्री में काम करने वाले तीन मजदूर लापता है। जिसमे नेपाल निवासी अर्जुन का शव नवंबर 2025 में मिल चुका है। श्रमिकों ने बताया कि अर्जुन की मोत होने पर आरोपियों ने उसके शव को बोरे में बंद कर फेक दिया था। दो मजदूर लापता है। एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी अंकित बालियान की गिरफ्तारी के बाद लापता मजदूरों का पता लगाया जाएगा। हत्या की धारा भी बढाई जाएगी।
भागने की कोशिश पर पिटबुल डॉग देते थे छोड़
श्रमिकों ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति फैक्ट्री से भागने का प्रयास करता था तो उस पर पिटबुल डॉग छोड़ दिया जाता था। पकड़े जाने पर बुरी तरह पिटाई की जाती थी जिससे अन्य श्रमिक सहम जाते थे। फैक्ट्री में लाने के बाद सभी से उनके मोबाइल छीन लिए गए।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

